स्वच्छता दीदियों को मिलेगा वीक-ऑफ…मेयर का पहला फैसला:धमतरी में गंगाजल छिड़कर चेंबर में रोहरा ने की एंट्री; आज अंबिकापुर में शपथ ग्रहण

0
34

अंबिकापुर नगर निगम में आज शपथ ग्रहण समारोह है। बीजेपी मेयर मंजूषा भगत के साथ 48 वार्डों के पार्षद शपथ लेंगे। शनिवार को धमतरी में रोहरा ने मेयर के रूप में पहले फैसले पर साइन भी की। यह फैसला स्वच्छता दीदियों को साप्ताहिक अवकाश देने का था। धमतरी के अलावा शनिवार को जगदलपुर में संजय पांडेय और दुर्ग में अल्का बाघमार ने भी मेयर पद की शपथ ली। धमतरी के इंडोर स्टेडियम में मेयर के साथ 40 पार्षदों का भी शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था। इनमें 27 भाजपा, 8 कांग्रेस और 5 निर्दलीय पार्षद शामिल रहे। वहीं रोहरा ने गंगाजल छिड़ककर मेयर चेंबर में एंट्री ली। सवा क्विंटल चावल से तौला गया शपथ ग्रहण के बाद नगर निगम पहुंचे रामु रोहरा बीजेपी युवा नेताओं ने स्वागत किया। इस दौरान एक अनूठी परंपरा भी निभाई गई। महापौर को मंत्रोच्चार के बीच तराजू में बैठाकर सवा क्विंटल चावल से तौला गया। नगर निगम में प्रवेश करने से पहले उन्होंने निगम के चौखट पर मत्था टेका, और पदभार ग्रहण करने के लिए आगे बढ़े। इस दौरान, पंडितों ने गंगाजल छिड़ककर नगर निगम परिसर का शुद्धिकरण किया। पहले फैसले और प्राथमिकताएं महापौर रामु रोहरा ने बताया कि, मैंने सबसे पहला हस्ताक्षर स्वच्छता दीदियों को साप्ताहिक अवकाश देने वाली फाइल पर किया है। इसके अलावा, शहर की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण का काम भी प्राथमिकता से शुरू किया जाएगा। रोहरा ने कहा, पिछले 5 साल में भ्रष्टाचार के कारण नगर निगम में अशुद्धि फैली हुई थी, इसलिए सबसे पहले शुद्धिकरण जरूरी था। जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए ईमानदारी से काम करेंगे। धमतरी में ये रहे अतिथि इस समारोह में धमतरी के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी ने अध्यक्षता की। इसके अलावा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और कुरुद विधायक अजय चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दुर्ग में अल्का बाघमार ने शपथ ली दुर्ग निगम की नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों ने भी शनिवार को शपथ-ग्रहण किया। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने महापौर अल्का बाघमार को शपथ दिलाई। मेयर के बाद नवनिर्वाचित सभी 60 पार्षदों ने वार्ड क्रम अनुसार 10-10 के समूह में शपथ ली। इस कार्यक्रम में आए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, 60 पार्षदों में से 40 पार्षद भाजपा के जीते हैं। 40 पार्षदों के साथ प्रचंड मतों से जीत कर मौहापौर दुर्ग शहर में बनी है। दुर्ग नगर के विकास के लिए उनके पास बड़ा अनुभव है। मैं मानता हूं कि आने वाले समय में दुर्ग का विकास काफी बेहतर और तेजी से होने वाला है। जगदलपुर- संजय पांडेय ने पारंपरिक अंदाज में शपथ ली जगदलपुर नगर निगम के पांचवे महापौर के रूप में BJP के संजय पांडेय ने शपथ ली है। उनके साथ BJP के 30 पार्षदों ने भी शपथ ग्रहण की। जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में डिप्टी CM अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप और BJP के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी शामिल हुए। इन नेताओं की मौजूदगी में जगदलपुर कलेक्टर हरीश एस ने मेयर समेत 31 पार्षदों को शपथ दिलाई। अरुण साव ने कहा कि, नवनिर्वाचित महापौर और पार्षद अटल विश्वास पत्र में किए गए हर वादे को पूरा कर जगदलपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण शहर बनाने काम करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जगदलपुर शहर की तरक्की के लिए हर संभव सहयोग देगी। पढ़ें पूरी खबर…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here