ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने शनिवार को अपनी पार्टनर जोडी हेडन से शादी की। 62 साल के अल्बनीज ऑस्ट्रेलिया के पहले ऐसे PM बन गए हैं जिन्होंने अपने पद पर रहते हुए शादी की। अल्बनीज ने 46 साल की जोडी हेडन से कैनबरा में PM ऑफिस में शादी की। जोडी फाइनेंशियल सर्विस में काम करती हैं। अल्बनीज ने फरवरी 2024 में हेडन से सगाई थी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक शब्द में पोस्ट किया- मैरिड। उन्होंने वीडियो भी शेयर किया है जिसमें वे बो-टाई पहनकर अपनी मुस्कुराती दुल्हन का हाथ थामे दिख रहे हैं। अल्बनीज और हेडन सोमवार से शुक्रवार तक ऑस्ट्रेलिया में ही हनीमून मनाएंगे, जिसकी सभी लागतें निजी तौर पर उन्होंने अपने खर्च पर उठाई हैं। ऑस्ट्रेलियाई PM की दूसरी शादी ऑस्ट्रेलियाई पीएम की यह दूसरी शादी है। उन्होंने 2019 में अपनी पूर्व पत्नी कार्मेल टेबट से तलाक लिया था। यह शादी 19 साल चली। इस रिश्ते से उनका एक बेटा नाथन है। अल्बनीज और हेडन की मुलाकात 2020 में मेलबर्न में एक बिजनेस डिनर में हुई। थी। हेडन की भी यह दूसरी शादी है। हालांकि हेडन की पहली शादी और तलाक की जानकारी पब्लिक नहीं है। बिन ब्याही मां के बेटे हैं ऑस्ट्रेलिया के नए PM लेबर पार्टी के नेता एंथनी अल्बनीज को उनके अपने ‘अल्बो’ नाम से बुलाते हैं। एंथनी का जन्म 2 मार्च, 1963 को ऑस्ट्रेलिया के शहर कैंपरडॉउन के रूढ़िवादी कैथोलिक ईसाई परिवार में हुआ। एंथनी ने जब से होश संभाला सिर्फ मां को ही अपने आसपास देखा, पिता को नहीं। जब उन्होंने पिता के बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया था कि उनकी मां विदेश यात्रा पर गई थीं, वहां उनके पिता से मिलीं, उनसे शादी हुई और जब वह ऑस्ट्रेलिया लौटीं तो एक कार दुर्घटना में उनके पिता की मौत हो गई। वह इसी कहानी पर भरोसा करके बड़े हुए। एंथनी जब 14 साल के हुए थे, तब उनकी मां ने एक शाम खाने के बाद बैठकर असली सच बताया। उन्होंने कहा कि असल में उनकी शादी नहीं हुई थी। वह इटली में एक आदमी से मिली थीं, उसके साथ रिश्ता बना और वह गर्भवती हो गईं। बेटे पर नाजायज का ठप्पा न लगे, इसलिए मां ने बोला झूठ एंथनी के पिता कार्लो क्रूज शिप के मैनेजर थे। साल 1962 में एक विदेश यात्रा के दौरान उनकी मैरियाने से मुलाकात हुई। दोनों के बीच प्यार हो गया। कार्लो की किसी और महिला से सगाई हो चुकी थी। वह परिवार और समाज के डर से पुराना रिश्ता तोड़ नहीं सके। मैरीएन ने झूठी शादी की एक कहानी गढ़ी, सगाई की अंगूठी पहनी और 7 महीने तक एशिया और ब्रिटेन की यात्रा पर रहने के बाद वापस सिडनी आ गईं। इस दौरान वह चार महीने की गर्भवती हो चुकी थीं। बेटे एंथनी पर नाजायज होने का ठप्पा न लगे, इसलिए उन्होंने ये बात छिपाई। पूरा परिवार अगले 15 साल तक इसी कहानी पर यकीन करता रहा। मंत्री बनने के बाद पिता से हुई मुलाकात मां की भावनाओं की कद्र करते हुए अल्बनीज ने उनके जिंदा रहते कभी पिता को खोजने की कोशिश नहीं की। साल 2002 में मां का निधन हो गया। इसके बाद वह अपने पिता से मिले। ऑस्ट्रेलिया के परिवहन और इन्फ्रास्ट्रक्चर मंत्री बनने के बाद एंथनी एक बैठक में शामिल होने इटली गए। यहां पहली बार उनकी अपने पिता से उनके होमटाउन बैरेटा में मुलाकात हुई। 12 साल की उम्र किया आंदोलन ऑस्ट्रेलिया के नए प्रधानमंत्री एंथनी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत महज 12 साल की उम्र में ही कर दी थी। एंथनी और उनकी मां सरकारी मकान में किराए पर रहती थीं। स्थानीय परिषद ने सरकारी मकानों को किराया बढ़ा दिया था। लोग बढ़ा हुआ किराया भरने के तैयार नहीं थे, लेकिन कोई भी आगे आकर इसका विरोध करने के लिए भी तैयार नहीं था। परिषद सभी मकानों को बेचने की योजना बना रही थी। उस वक्त परिषद के फैसले के खिलाफ एंथनी ने आंदोलन खड़ा कर दिया था। आखिरकार परिषद को अपनी योजना रद्द करनी पड़ी थी। 22 साल की उम्र में वह लेबर पार्टी से जुड़ चुके थे। 1996 में वे पहली बार फेडरल सांसद (MP) चुने गए। 2013 में लेबर के हारने के बाद अल्बनीज डिप्टी लीडर और फिर लीडर ऑफ द ऑपोजिशन बने। 10 साल तक विपक्षी नेता रहने के बाद उन्होंने 2022 में चुनाव जीता और स्कॉट मॉरीशन को चुनाव हराकर पीएम बने।
