छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के भानुप्रतापपुर-दल्लीराजहरा मार्ग पर आज सुबह भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों में एक बच्चा और 4 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मारी है। मामला डौंडी थाना क्षेत्र के चौरापावड़ के पास का है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अशोक जोशी के अनुसार सड़क हादसे के घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जानकारी के मुताबिक जायलो (SUV) में 13 लोग बैठे थे, जिनमें 2 बच्चे भी शामिल थे। वह डौंडी से गुरेदा लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। घायल राजनांदगांव जिला अस्पताल रेफर हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया। सात घायलों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल डौंडी सामुदायिक स्वास्थ केंद्र भेजा गया, जहां से राजनांदगांव जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सभी की हालत नाजुक बनी हुई है सभी की हालत नाजुक बनी हुई है। किसी के हाथ में चोट है, तो किसी का सिर फूट गया है। पुलिस ने बताया कि गाड़ी में फंसे लाशों को मुश्किल से निकाला गया है। सभी को डौंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक ड्राइवर फरार है। तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।