फिल्म मेकर राम गोपाल वर्मा अक्सर विवादों में रहते हैं। मंगलवार (21 जनवरी) को मुंबई की अंधेरी मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें चेक बाउंस मामले में तीन महीने की सजा सुनाई। यह मामला पिछले 7 सालों से चल रहा था। हालांकि, सुनवाई के दौरान राम गोपाल वर्मा कोर्ट में मौजूद नहीं थे। जिसके चलते उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, राम गोपाल वर्मा को शिकायतकर्ता को तीन महीने के भीतर 3. 72 लाख रुपए मुआवजा देना होगा। अगर ऐसा नहीं करते हैं, तो उन्हें तीन महीने की सजा और भुगतनी होगी। पूरा मामला समझिए दरअसल, राम गोपाल वर्मा की फर्म ने श्री नाम की एक कंपनी को 2.38 लाख रुपए का भुगतान चेक के जरिए किया था। हालांकि, यह चेक बाउंस हो गया। तब कंपनी ने एक शख्स महेशचंद्र मिश्रा के जरिए राम गोपाल पर केस दर्ज कराया था। 2022 में इस मामले में वर्मा को 5000 रुपए के निजी बॉन्ड पर जमानत मिल गई थी। लेकिन अब उन्हें 3 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है, साथ ही 3.72 लाख रुपए मुआवजा भी देने का आदेश दिया है। जिस अपराध के तहत राम गोपाल वर्मा को यह सजा सुनाई गई है, वह नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत आता है। रामू ने कहा- मेरे वकील मामले को देख रहे हैं
इस मामले में राम गोपाल वर्मा का भी रिएक्शन आ गया है। उन्होंने X पर लिखा- मेरे और अंधेरी कोर्ट के बारे में जो खबरें आई हैं, मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि यह 7 साल पुराना मामला है। इसमें 2 लाख 38 हजार रुपए का विवाद है, जो मेरे पूर्व कर्मचारी से संबंधित है। मेरे वकील इस मामले को देख रहे हैं। फिलहाल यह मामला कोर्ट में है, इसलिए मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकता। अक्सर विवादों में रहते हैं रामू
राम गोपाल वर्मा अक्सर विवादों में रहते हैं। इससे पहले 11 नवंबर, 2024 को उनके खिलाफ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की गरिमा को ठेस पहुंचाने के मामले में शिकायत दर्ज की गई थी। आरोप था कि फिल्ममेकर ने सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उनके बेटे नारा लोकेश, बहू ब्रह्माणी और अन्य टीडीपी नेताओं की छवि को धूमिल किया था। अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर्स की लाइफ पर बेस्ड फिल्में बनाते थे राम गोपाल वर्मा
राम गोपाल वर्मा ने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं। उनकी फिल्में अमूमन अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर्स की लाइफ पर बेस्ड होती थीं। उन्होंने सत्या, शूल, सरकार और कंपनी सहित कई हिट फिल्मों की मेकिंग की है। वे अपनी फिल्मों के लिए नेशनल अवॉर्ड भी जीत चुके हैं। सत्या ने 6 फिल्मफेयर अवार्ड जीते थे। राम गोपाल वर्मा पिछले कई सालों से अपनी फिल्मों के लिए कम बल्कि कॉन्ट्रोवर्सी के लिए ज्यादा जाने जाते हैं। इसी बीच नई फिल्म का ऐलान भी किया
राम गोपाल वर्मा ने इसी बीच अपनी नई फिल्म ‘सिंडिकेट’ का ऐलान किया है। इस बारे में जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी। —————- इससे जुड़ी खबर पढ़ें..
राम गोपाल वर्मा को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस!:घर से भागे, आंध्र प्रदेश के सीएम और डिप्टी सीएम पर किया था अपमानजनक पोस्ट फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा की मुसीबतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। खबर है कि उनकी गिरफ्तारी के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस की एक टीम हैदराबाद में उनके घर पहुंची है। दरअसल, राम गोपाल वर्मा ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उनके परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। पूरी खबर पढ़ें..