गार्ड को कहा-गेट बंद मिला तो गेट सहित उड़ा दूंगा:नशे में दोस्तों के साथ पहुंचा और मारी टक्कर; भिलाई पुलिस ने निकाला जुलूस

0
147

भिलाई में कार से एक कॉलोनी का गेट तोड़ने और गार्ड को चपेट में लेने का वीडियो सामने आया है। कार चालक कॉलेज स्टूडेंट्स है जिसका नाम सचिन सिंह है। उसका पहले भी गार्ड से विवाद हो चुका था। वारदात वाली रात भी वह नशे में धुत था और कुछ देर पहले उसने गार्ड को धमकाते हुए कहा था कि, तुझे गेट सहित उड़ा दूंगा। जानकारी के मुताबिक, यह मामला 23-24 की दरम्यानी रात का है। स्मृति नगर चौकी प्रभारी ने बताया कि रात में पुलिस जब सचिन सिंह को गिरफ्तार करने उसके कमरे में पहुंची, तो वहां अभिषेक मलागार, आदित्य मिश्रा, राहुल तिवारी, राहुल साहू, रियांशु ठाकुर, मेहुल गुप्ता, श्रृष्टि शर्मा और मनीषा सिंह शराब के नशे में पार्टी कर रहे थे। क्या है पूरा मामला- गार्ड गनपत साहू ने बताया कि, 24 जनवरी की देर रात चौहान ग्रीन वैली में ड्यूटी पर तैनात था। उसने रात में मेन गेट को बंद कर रखा था। इसी दौरान, आरोपी सचिन सिंह राजपूत अपनी कार सीजी 07 बीजे 8877 से रात 1 बजे आया। उसे देखकर गार्ड ने उसे रोकने का प्रयास किया। ये बात सचिन सिंह को काफी बुरी लगी। वो चिल्लाते हुए गार्ड को बोला कि अभी जा रहा हूं, वापस फिर आता हूं, यदि गेट बंद मिला तो तुझे गेट सहित उड़ा दूंगा। रफ्तार में गेट को तोड़ते हुए गार्ड को लिया चपेट में इसके बाद सचिन सिंह अपने दोस्तों के साथ कार में काफी नशे की हालत में देर रात 1:45 बजे वापस पहुंचा। कार को जुनवानी की ओर से चौहान ग्रीन वैली के अंदर की ओर आते देख गार्ड ने गेट को खोलने का प्रयास किया। लेकिन सचिन ने गेट खुलने का इंतजार नहीं किया और उसी रफ्तार में गेट को तोड़ते हुए गार्ड को चपेट में ले लिया और अंदर चला गया। घटना में गार्ड की हालत गंभीर इस घटना में गार्ड को काफी गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं रहने वाले दीपक समेत कुछ लोगों ने इसकी शिकायत स्मृति नगर चौकी में की। बताया जा रहा है कि, कॉलोनीवासियों से भी सचिन की बहस हुई जिसके बाद उसकी कार में तोड़फोड़ भी हुई। पुलिस से की हुज्जतबाजी जब पुलिस ने सचिन को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस से ही हुज्जतबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने सचिन और उसके सभी साथी को गिरफ्तार किया। इनमें 2 लड़कियां भी शामिल थीं। पूरी कॉलोनी में आरोपियों का जुलूस निकाला गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सचिन ने गार्ड को जान से मारने की नियत से जानबूझ कर स्पीड से कार चलाते हुए गेट तोड़ते हुए कॉलोनी के अंदर घुसा। इससे लोहे का गेट गनपत साहू की छाती में लगा और उसके दोनों पैर गेट में फंस गए। गनपत गेट सहित दीवार से टकराकर दब गया। इसके बाद भी सचिन ने कार नहीं रोकी और कार को लेकर अंदर की तरफ भाग गया। एक सप्ताह पहले भी दी थी जान से मारने की धमकी शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि सचिन ने ये पहली बार नहीं, बल्कि एक सप्ताह पहले भी गार्ड को जान से मारने की धमकी दी थी। 1 सप्ताह पहले गार्ड ने सचिन की कार को रोका था। उसने जब सचिन का नाम पूछकर उसे रजिस्टर में एंट्री करने को कहा तो सचिन ने उसके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। उसने गनपत को धमकी दी थी कि यदि दोबारा इस तरह उसकी कार को रोका तो वो कार उसके ऊपर चढ़ा देगा। ——————————– कार हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए बछड़े को कुचला तो गायों ने दौड़ाकर कार को रोका:रायगढ़ में 200 मीटर तक घसीटने पर बछड़े का पैर टूटा, CCTV में कैद छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कार सवार सलीम अंसारी ने बछड़े को कुचल दिया। करीब 200 मीटर तक घसीटते ले गया। इस दौरान बछड़े की मां और बाकी गायें कार के पीछे दौड़ी और सामने जाकर घेर लिया। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here