बस्तर में सीएम का रोड शो:कहा – कांग्रेस की सरकार में राज्य के नगरीय निकायों की हालत खराब हुई

0
40

नगरीय निकाय चुनाव में प्रचार का शोर रविवार की शाम 5 बजे से थम जाएगा। इससे ठीक एक दिन पहले जगदलपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का रोड शो हुआ। रोड शो की शुरूआत एयरपोर्ट तिराहे से हुई, जहां कांग्रेसियों ने भाजपा प्रवेश किया। शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ रोड शो माईं दंतेश्वरी मंदिर पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने माईं जी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद चांदनी चौक में रोड शो के समापन के समय सभा को भी उन्होंने यहीं संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से विधानसभा व लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को जनता ने उखाड़ फेंका है, वैसे ही नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने के लिए जनता मतदान करे। पांच साल में कांग्रेस की सरकार में नगरीय निकायों की हालत खराब हो गई। उन्होंने कहा कि अब भ्रष्टाचारी कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका नहीं मिलेगा। इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि हर एक वोट जगदलपुर के बेहतर भविष्य की नींव रखेगा, इसलिए सभी मिलकर इस सपने को पूरा करेंगे। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने भी सभा को संबोधित किया। कहा कि भाजपा इस बार शहर में प्रचंड मतों से झंडा बुलंद करेगी। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी संजय पांडे ने भी जनसमर्थन मांगा। इस दौरान शरद अवस्थी, संतोष बाफना, वेदप्रकाश पांडे, रूपसिंह मंडावी, सफीरा साहू सहित अन्य मौजूद थे। दंतेश्वरी मंदिर में रूका काफिला
रोड शो की अगुवाई भाजयुमो की बाइक रैली ने की। जगह-जगह सीएम के रोड शो का कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। माईं दंतेश्वरी के दर्शन कर सीएम ने कहा कि प्रदेश के सभी निकायों व पंचायतों में भाजपा की जीत होगी। माईं दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में सीएम का रोड शो रूका, जहां उन्होंने माईं दंतेश्वरी के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से चर्चा भी की। उन्होंने कहा कि 5 सालों तक रही कांग्रेस की सरकार में नगरीय निकायों की स्थिति बेहद खराब हो गई थी, जिसे सुधारने के साथ ही प्रदेश के सभी निकायों व पंचायत चुनावों में भाजपा की जीत होगी। 50 से ज्यादा कांग्रेसियों ने किया भाजपा प्रवेश
इधर बस्तर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के युवा नेता रहे आशीष मिश्रा सहित करीब 50 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को भाजपा प्रवेश किया। एयरपोर्ट तिराहे पर सीएम विष्णुदेव साय ने कांग्रेसियों को भाजपा का पटका पहनाकर भाजपा प्रवेश करवाया। इनमें शिव सिंह सेंगर, अनिल जायसवाल, महेंद्र बघेल, रुस्तम परिहार, सौरव राय, विक्की शर्मा, लोकनाथ ठाकुर, दिनेश कोर्राम, इमरान सलमान, संतोष राव, शिवा राव, आशीष ठाकुर, सुरेंद्र सिंह, मौसमी सिंह, अंजलि राव, ज्योतिका ठाकुर, रेखा राव, मुस्कान सिंह, दंती राव, राजीव मिश्रा, विशाल झा, किशन यादव, कुणाल युवराज नाग सहित अन्य मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here