WPL में आखिरी गेंद पर जीती दिल्ली कैपिटल्स:मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हराया, नैट सिवर ब्रंट ने 80 रन बनाए

0
43

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। दिल्ली ने आखिरी गेंद पर 2 रन बनाकर मुंबई को 2 विकेट से हराया। 20वें ओवर में टीम ने 10 रन चेज किए। वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में दिल्ली ने बॉलिंग चुनी। मुंबई 19.1 ओवर में 164 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। दिल्ली ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। मुंबई से नैटली सिवर ब्रंट ने 80 रन बनाए, लेकिन यह स्कोर उनकी टीम की जीत के लिए काफी नहीं रहा। मुंबई से हरमनप्रीत ने 3 छक्के लगाए
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी मुंबई ने पावरप्ले में 2 विकेट गंवाए। यस्तिका भाटिया 11 रन और हेली मैथ्यूज खाता खोले बगैर आउट हो गईं। यहां से हरमनप्रीत कौर ने नेटली सिवर ब्रंट के साथ 77 रन की पार्टनरशिप की। हरमन 22 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुईं। उन्होंने 3 छक्के और 4 चौके लगाए। सिवर ब्रंट ने फिर एंक एंड पर टिकी रहीं, लेकिन उनके सामने कोई भी बैटर संभल नहीं पाईं। टीम ने 59 रन बनाने में आखिरी 8 विकेट गंवा दिए। सिवर ब्रंट 80 रन बनाकर नॉटआउट रहीं। टीम ने 19.1 ओवर में 164 रन बनाए। दिल्ली से एनाबेल सदरलैंड ने 3 और शिखा पांडे ने 2 विकेट लिए। दिल्ली को शेफाली-निकी ने जीत दिलाई
165 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली ने तेज शुरुआत की। शेफाली वर्मा ने महज 18 गेंद पर 43 रन बना दिए। उन्हें हेली मैथ्यूज ने पवेलियन भेजा। उनके बाद मेग लैनिंग 15, जेमिमा रोड्रिग्ज 2, एनाबेल सदरलैंड 13 और एलिस कैप्सी 17 रन बनाकर आउट हो गईं। निकी प्रसाद ने फिर साराह ब्रायस के साथ पारी संभाली। ब्रायस ने 10 गेंद पर 21 रन बनाए। निकी ने 33 गेंद पर 35 रन की पारी खेली, वे आखिरी ओवर में आउट हुईं, लेकिन अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। आखिरी ओवर में 10 रन बनाकर जीती दिल्ली
दिल्ली को मैच जीतने के लिए आखिरी ओवर में 10 रन की जरूरत थी। मुंबई से जिंतिमनी कलिता ओवर फेंकने आईं। शुरुआती 2 गेंदों पर निकी प्रसाद ने 6 रन बना दिए। आखिरी 2 गेंद पर 2 रन चाहिए थे, यहां निकी प्रसाद आउट हो गईं। आखिरी गेंद पर अरुंधति रेड्डी ने 2 रन लिए और टीम को जीत दिला दी। मुंबई से हेली मैथ्यूज और अमीलिया केर ने 2-2 विकेट लिए। फिफ्टी लगाने वालीं नैट सिवर ब्रंट ने भी 1 विकेट लिया। शबनिम इस्माइल और सजीवन साजना को भी 1-1 विकेट मिला। 1 बैटर रनआउट भी हुईं। पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंची दिल्ली
सीजन-3 में जीत के साथ शुरुआत करने वाली दिल्ली कैपिटल्स पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गईं। शुक्रवार को ओपनिंग मैच जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले नंबर पर है। यूपी वॉरियर्ज तीसरे नंबर पर है। वहीं 1-1 मैच हारने वाली मुंबई इंडियंस चौथे और गुजरात जायंट्स पांचवें नंबर पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here