छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा-बीजापुर-नारायणपुर जिले की सरहद पर सुरक्षाबलों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया। 3 शवों के साथ इंसास राइफल बरामद की गई हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि इंद्रावती नदी के पार भारी संख्या में नक्सलियों का जमावड़ा है। इसी के आधार पर एक दिन पहले दंतेवाड़ा और बीजापुर से जवानों को ऑपरेशन के लिए निकाला गया था। वहीं आज 25 मार्च की सुबह नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में कुछ बड़े कैडर्स के मारे जाने की खबर है। लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। दंतेवाड़ा SP गौरव राय और ASP आरके बर्मन का कहना है कि मुठभेड़ खत्म हो गई है। सर्च ऑपरेशन पूरा होने और सभी जवानों के लौटने के बाद मौत का आंकड़ा स्पष्ट हो पाएगा। 4 दिन पहले इसी इलाके में 30 नक्सली मारे गए दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सरहद पर 4 दिन पहले दो मुठभेड़ में फोर्स ने 30 नक्सलियों को मार गिराया था। दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर 26 और कांकेर में 4 नक्सली मारे गए थे। नक्सलियों को उनके TCOC (टैक्टिकल काउंटर ऑफेंसिव कैंपेन) माह में ही सबसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। सूत्रों के अनुसार पुलिस की यह कार्रवाई एक हफ्ते पहले सरेंडर किए नक्सली दिनेश मोड़ियाम की निशानदेही पर की गई थी। पढ़ें पूरी खबर TCOC (टैक्टिकल काउंटर ऑफेंसिव कैंपेन) क्या होता है? बस्तर में 1 मार्च से जून के पहले सप्ताह तक नक्सली TCOC यानी टैक्टिकल काउंटर ऑफेंसिव कैंपेन चलाते हैं। नए लड़ाकों को जोड़ना और एंबुश में जवानों को फंसा कर बड़ी घटना करते हैं। साल 2024 से पहले तक नक्सली TCOC महीने में पुलिस फोर्स पर हावी थे। लेकिन, साल 2024 में फोर्स आक्रामक हुई। वहीं 2025 में भी फोर्स TCOC के पहले महीने में नक्सलियों के ठिकाने में घुसी थी, 20 मार्च को 30 माओवादियों को मारकर उनके शव लेकर आई थी। मौके से AK-47, इंसास, SLR जैसे हथियार और गोला बारूद बरामद हुए थे। शाह का दावा- 2026 तक खत्म कर देंगे नक्सलवाद इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगस्त 2024 और दिसंबर 2024 को छत्तीसगढ़ के रायपुर और जगदलपुर आए थे। वे यहां अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग मंच से नक्सलियों को चेताते हुए कहा था कि हथियार डाल दें। हिंसा करोगे तो हमारे जवान निपटेंगे। वहीं उन्होंने एक डेडलाइन भी जारी की थी कि 31 मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद का खात्मा कर दिया जाएगा। शाह की इस डेडलाइन जारी करने के बाद से बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन काफी तेज हो गए हैं। —————————————- नक्सली मुठभेड़ से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… राशन का इंतजार कर रहे थे…मिलते ही ठिकाना बदलते:सरेंडर-नक्सली के इनपुट से मारे गए 26 नक्सली, ग्रामीण बोले-फायरिंग सुनकर हम घरों में छिपे थे दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सरहद पर नक्सली राशन के लिए इंतजार कर रहे थे। नक्सलियों को राशन मिल जाता तो ठिकाना बदल देते, लेकिन सरेंडर नक्सली दिनेश का इनपुट एकदम सटीक निकला। ठिकाना बदलने से पहले जवानों ने नक्सलियों को 3 लेयर में घेर लिया। पढ़ें पूरी खबर सुरक्षाबलों ने 2 मुठभेड़ में 30 नक्सली मारे: बीजापुर में 26, कांकेर में 4 शव मिले, AK-47, इंसास, SLR जैसे हथियार बरामद, एक जवान शहीद छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में कुछ दिन पहले 2 बड़ी मुठभेड़ हुई। इसमें 30 नक्सली मारे गए थे। पहली मुठभेड़ बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर और दूसरी कांकेर-नारायणपुर सीमा पर हुई थी। बीजापुर में हुई मुठभेड़ में 26 नक्सलियों को मार गिराया था। सभी के शव के साथ AK-47, इंसास, SLR जैसे हथियार बरामद किए गए थे। पढ़ें पूरी खबर
