पहलगाम हमले के बाद CRPF का वह जवान भी चर्चा में आया जिसकी पत्नी पाकिस्तानी है। सरकार की ओर से कहा गया कि जवान ने पत्नी की जानकारी छुपाई, जवान को बर्खास्त कर दिया गया है । खास बात यह है कि इस जवान का छत्तीसगढ़ कनेक्शन भी है। CRPF जवान मुनीर अहमद छत्तीसगढ़ में भी पोस्टेड रह चुका है। पाकिस्तानी पत्नी की जानकारी छुपाए जाने की वजह से बर्खास्त किए मुनीर ने खुद बताया कि वह छत्तीसगढ़ में काम कर चुका है। बस्तर के सुकमा, बीजापुर जैसे इलाके में CRPF के जवान छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ मिलकर नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन करते हैं। ऐसे ऑपरेशन में मुनीर भी काम कर चुका है। उसने बताया कि दो से ढाई साल वह छत्तीसगढ़ में रहा, छत्तीसगढ़ में ही पोस्टिंग की वजह से उसे यह चॉइस मिली थी कि वह अगली पोस्टिंग अपनी पसंद की हासिल कर सकता है । जम्मू कश्मीर के रहने वाले मुनीर ने होम स्टेट की पोस्टिंग ली। मई 2024 में उसने पाकिस्तानी महिला से शादी की इसके बाद पहलगाम अटैक की वजह से तब चर्चा में आया जब सरकार पाकिस्तान से आए लोगों को ढूंढ कर वापस भेजने लगी। सरकार की ओर से कहा गया कि मुनीर की पत्नी का वीजा खत्म हो जाने के बावजूद वह भारत में थी और CRPF को भी इसकी जानकारी नहीं थी कि मुनीर ने पाकिस्तानी महिला से शादी की है। हालांकि मुनीर ने इन आरोपों को गलत बताया है। अब मुनीर अहमद ने अपनी सफाई दी है। मीडिया को दिए इंटरव्यू में उसने कहा- 2022 में विभाग से शादी की परमिशन मांगी थी, लेकिन देरी हुई। इसके बाद 24 मई 2024 को पाकिस्तानी मीनल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शादी की। मुनीर ने कहा- शादी की बात अधिकारियों को भी बताई थी। उन्हें सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स भी दिए थे। जिसमें शादी का कार्ड, शादी की जगह और पत्नी के वीजा से जुड़ी जानकारी थी। दरअसल, 3 मई 2025 को CRPF ने मुनीर अहमद को नौकरी से बर्खास्त कर दिया। CRPF ने कहा था- मुनीर ने पाकिस्तानी महिला से शादी की बात छिपाई, गैरकानूनी तरीके से उसे भारत में बिना वीजा के रखा, ये नेशनल सिक्योरिटी के खिलाफ है। पत्नी को वापस भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। क्यों की पाकिस्तानी मीनल से शादी मुनीर ने बताया कि मीनल उसके मामा की बेटी है। भारत-पाक विभाजन से पहले मेरा और उसका परिवार जम्मू-कश्मीर में ही रहते थे। वर्तमान में मीनल की फैमिली पाकिस्तान के सियालकोट में रहती है। हम दोनों का रिश्ता बचपन में ही तय हो गया था। शादी के पहले और शादी के बाद भी मैंने मीनल और शादी से जुड़ी पूरी जानकारी विभाग दी थी। शादी की तस्वीरें, शादी का कार्ड भी दिया था। समय-समय पर विभाग को इन्फॉर्म भी किया था। छत्तीसगढ़ का नाम ले चुके हैं पाकिस्तानी रक्षा मंत्री हाल ही में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के इन्वॉल्वमेंट को लेकर छत्तीसगढ़ का नाम लेकर बयान दिया था, उन्होंने कहा- पाकिस्तान का इससे कोई ताल्लुक नहीं है। यह सारी होम ग्रोन सिचुएशन है इंडिया के खिलाफ। भारत जो उनकी सोकॉल्ड रियासतें हैं उनमें बगावतें हो रही हैं। एक दो नहीं दर्जनों के हिसाब से नागालैंड से लेकर कश्मीर तक और साउथ में, छत्तीसगढ़ में, मणिपुर में, इन सारी जगह पर हिंदुस्तान की जो दिल्ली में हुकूमत है उसके खिलाफ बगावत हो रही है। लोग अपने हुकूक (अधिकार) मांग रहे हैं। रायपुर के कारोबारी की भी मौत
रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया भी पहलगाम आतंकी हमले का शिकार हुए। जिन 25 पर्यटकों को गोली मारी गई, उनमें दिनेश भी थे। दिनेश अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ वैष्णो देवी यात्रा और जम्मू कश्मीर घूमने गए हुए थे। घटना के दिन वह पहलगाम में थे। इस दौरान आतंकवादियों ने उन्हें गोली मार दी थी। दिनेश का घर रायपुर के समता कॉलोनी में स्थित है। बेटे शौर्य ने बताया था कि कलमा पढ़ने को कहकर आतंकी ने पिता को गोली मार दी थी। ………………………………. पहलगाम हमले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… पहलगाम में छत्तीसगढ़ के लोगों ने देखा:पर्यटक बोले- कुछ घंटे पहले निकलते…तो जिंदा नहीं बचते, विमान कंपनियों ने आपदा को अवसर में बदला जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 27 लोगों की मौत के बाद श्रीनगर में छत्तीसगढ़ के 82 लोग अब भी फंसे हुए हैं। पर्यटकों ने वहां का आखों देखा हाल दैनिक भास्कर डिजिटल से शेयर किया है। पढ़ें पूरी खबर
