भूतनाथ फिल्म डायरेक्टर पर कार में स्क्रैच मारने का आरोप:जबलपुर में पड़ोसी ने पुलिस को दिए सीसीटीवी, बोला- कांच में नुकीली चीज मारी

0
20

जबलपुर में फिल्म भूतनाथ के डायरेक्टर विवेक शर्मा उर्फ बॉबी के खिलाफ पड़ोसी ने शिकायत दर्ज कराई है। डायरेक्टर पर सड़क पर खड़ी कार में स्क्रैच मारने के आरोप हैं। पड़ोसी ने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा है, जिसमें दावा कर रहे हैं कि उनकी कार में स्क्रैच मारने वाला शख्स विवेक शर्मा ही है। गोरखपुर निवासी बंटी गुप्ता ने बुधवार रात थाने में शिकायत दर्ज कराई है। विवेक शर्मा ज्यादातर मुंबई में रहते हैं, वे मंगलवार देर रात अपनी कार से जबलपुर पहुंचे थे। इस दौरान रास्ते में सड़क किनारे पार्क कार को देखकर वे इतने गुस्सा हो गए कि कार के आगे और पीछे के कांच में नुकीली चीज से स्क्रैच मार दिया। शिकायतकर्ता बंटी गुप्ता ने बताया, मैं रोज अपनी कार घर के सामने सड़क किनारे पार्क करता हूं। बुधवार दोपहर को जब कहीं जाने के लिए अपनी कार में बैठा तो देखा कि पूरी कार और कांच में स्क्रैच लगे हुए हैं। पहले तो लगा कि यह बच्चों की कारस्तानी होगी। लेकिन, जब घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज में देखा तो उसमें फिल्म डायरेक्टर विवेक शर्मा कार पर स्क्रैच करते नजर आए। जब भी आते हैं कहीं भी खड़ी कर देते हैं कार
बंटी गुप्ता ने बताया कि विवेक शर्मा मुंबई में रहते हैं। जब भी वह जबलपुर आते हैं तो पड़ोस में इस तरह की स्थिति बनती है। वो अपने रुतबे के कारण कहीं भी आड़ी-तिरछी कार खड़ी कर देते हैं। अब तो हद ये हो गई कि उन्होंने कार में स्क्रैच मारने जैसी ओछी हरकत कर डाली। थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया, शिकायत दर्ज कर ली गई है। बंटी गुप्ता ने कुछ सीसीटीवी फुटेज भी दिए हैं, जिसकी जांच करवाई जा रही है। गोरखपुर गुरुद्वारा के पास रहने वाले विवेक शर्मा अभी घर पर नहीं है, उनसे भी संपर्क किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here