पुतिन ने ट्रम्प से कहा-यूक्रेन से हमले का बदला लेंगे:दोनों नेताओं के बीच 75 मिनट बात हुई; ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर भी चर्चा

0
19

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ यूक्रेन और ईरान के मुद्दे पर करीब 75 मिनट फोन पर बात की। ट्रम्प ने की इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। ट्रम्प ने कहा कि उनकी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अच्छी बातचीत हुई, लेकिन यह ऐसी बातचीत नहीं थी जिससे तत्काल शांति हो जाए। ट्रम्प ने बताया कि पुतिन ने कहा कि वो यूक्रेन की तरफ से हाल ही में रूस के अंदर किए गए ड्रोन अटैक का बदला लेंगे। इस हमले में रूस के कई विमान तबाह हो गए थे। ट्रम्प ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति पुतिन से कहा कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता है। मेरा मानना ​​है कि हम दोनों इस पर सहमत हैं। पुतिन ने सुझाव दिया कि वह ईरान के साथ परमाणु वार्ता में मदद कर सकते हैं। 20 जनवरी को शपथ ग्रहण करने के बाद से ट्रम्प अब तक 4 बार रूसी राष्ट्रपति से बात कर चुके हैं… रूस-यूक्रेन ने हाल ही में दूसरे दौर की शांति वार्ता की रूस और यूक्रेन की बीच सोमवार को तुर्किये से इस्तांबुल में दूसरे दौर की शांति वार्ता हुई है। दोनों देश गंभीर रूप से घायल और बीमार युद्धबंदियों की अदला-बदली पर सहमत हो गए हैं। इसके साथ ही दोनों पक्ष 6,000-6,000 मारे गए सैनिकों के शव भी वापस लौटाएंगे। यूक्रेन के रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव ने कहा कि हम सभी युद्धबंदियों की रिहाई और सभी दिव्यांग बच्चों और कैदियों की वापसी चाहते हैं। वहीं, रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख व्लादिमीर मेंडिस्की ने कहा- इस समझौते के तहत गंभीर रूप से घायल और 18 से 25 साल के युवा सैनिकों की भी अदला-बदली की जाएगी। पिछले हफ्ते ट्रम्प ने पुतिन को धमकी दी थी पिछले हफ्ते ट्रम्प ने धमकी दी थी कि अगर पुतिन यूक्रेन में युद्ध खत्म करने की कोशिशों में उनका साथ नहीं देते तो अमेरिका रूस को लेकर अपने अप्रोच बदल देगा। इसके लिए पुतिन को दो हफ्ते का टाइम दिया गया था। इससे पहले ट्रम्प ने रूस की तरफ से यूक्रेन में ड्रोन और मिसाइल हमलों को तेज करने पर कहा था कि पुतिन पूरी तरह पागल हो गए हैं और आग से खेल रहे हैं। अमेरिका ने ईरान का नया परमाणु समझौता प्रस्ताव ठुकराया वहीं, अमेरिका ने ईरान के साथ परमाणु समझौते के लिए शनिवार को एक नया प्रस्ताव भेजा था। मंगलवार को व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने इसे लेकर कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ ने ईरान को एक डिटेल प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने इसे स्वीकार नहीं किया, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। लेविट ने कहा- राष्ट्रपति ट्रम्प ने साफ कर दिया है कि ईरान को कभी भी परमाणु बम हासिल नहीं करने दिया जाएगा। ट्रम्प ने अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर लिखा- हमारे संभावित समझौते के तहत, हम ईरान को यूरेनियम संवर्धन की बिल्कुल इजाजत नहीं देंगे। हालांकि ईरान ने अमेरिका के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। ईरान का कहना है कि यह प्रस्ताव उनकी इंट्रेस्ट को पूरा नहीं करता है। बुधवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई ने कहा कि तेहरान यूरेनियम संवर्धन बंद नहीं करेगा। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पहले एक पोस्ट में कहा था कि ईरान इस प्रस्ताव का जवाब अपने सिद्धांतों, राष्ट्रीय हितों और लोगों के अधिकारों के आधार पर देगा। ———————————— यह खबर भी पढ़ें… यूक्रेन का दावा-रूस और क्रीमिया को जोड़ने वाला ब्रिज उड़ाया:1100KG विस्फोट का इस्तेमाल किया; ब्रिज पर 3 साल में तीसरी बार हमला यूक्रेन की सिक्योरिटी सर्विस (SBU) ने दावा किया है कि उसने रूस और क्रीमिया को जोड़ने वाले कर्च ब्रिज को उड़ा दिया है। इस हमले में 1100 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। यह हमला मंगलवार सुबह कर्च स्ट्रैट पर किया गया। इसके लिए कई महीने प्लानिंग की गई थी। यहां पढ़ें पूरी खबर…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here