कोरिया जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण किया गया है। जिला पंचायत के मंथन कक्ष में कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी की अध्यक्षता में यह प्रक्रिया संपन्न हुई। जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि काउंसलिंग के बाद कुल 121 शिक्षकों की नई पदस्थापना की गई है। इनमें सहायक शिक्षक के 81, शिक्षक के 33 और व्याख्याता के 7 पद शामिल हैं। शहरी क्षेत्रों के स्कूलों में आवश्यकता से अधिक शिक्षक कार्यरत थे। वहीं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी थी। युक्तियुक्तकरण से इस असंतुलन को दूर किया जाएगा। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम भी बेहतर होंगे। शिक्षकों के समायोजन से शैक्षणिक व्यवस्था होगी मजबूत इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर कलेक्टर अरुण कुमार मरकाम और विकासखंड शिक्षा अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की गई है। शिक्षकों के समायोजन से जिले की शैक्षणिक व्यवस्था और मजबूत होगी।
