ट्रम्प ने अमेरिका-चीन के बीच ट्रेड डील का ऐलान किया:US को रेयर अर्थ मटेरियल मिलेगा, बदले में चीनी छात्र अमेरिकी कॉलेज में पढ़ेंगे

0
102

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड डील समझौते की घोषणा की। इस समझौते के तहत चीन अब अमेरिकी कंपनियों को रेयर अर्थ मटेरियल देगा। रेयर अर्थ मटेरियल तकनीकी उपकरण, स्मार्टफोन और इलेक्ट्रिक कार जैसी चीजों के लिए बेहद जरूरी होता है। इसके बदले अमेरिका, चीनी छात्रों को अपने कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ाई करने की इजाजत देगा। ट्रम्प ने यह भी कहा कि नई डील से टैरिफ यानी आयात शुल्क को लेकर अमेरिका को 55% लाभ मिल रहा है, जबकि चीन को सिर्फ 10% फायदा पहुंचेगा। हालांकि यह साफ नहीं है कि इस टैरिफ व्यवस्था का पूरा मतलब क्या है और यह कैसे काम करेगी। रेयर अर्थ मिनरल्स क्या हैं? ट्रम्प के बाद अब जिनपिंग की मंजूरी का इंतजार ट्रम्प के समझौते पर मुहर लगाने के बाद अब इस समझौते को अंतिम रूप देने के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मंजूरी का इंतजार है। इससे पहले अमेरिका के वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक ने कहा था कि दोनों देश जिनेवा में पहले हुए समझौते और नेताओं की आपसी बातचीत को अमल में लाने के लिए तैयार हो गए हैं। चीन के व्यापार मामलों के वरिष्ठ अधिकारी ली चेंगगांग ने भी यही बात दोहराई। हाल ही में दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जिससे दोनों के बीच चल रहा तनाव थोड़ा कम हुआ। इससे पहले दोनों एक-दूसरे पर व्यापार समझौते के नियम तोड़ने का आरोप लगा रहे थे। इसी साल मई में स्विट्जरलैंड में हुई एक बैठक में यह तय हुआ था कि अप्रैल में जोड़े गए नए टैरिफ को 90 दिनों के लिए रोका जाएगा और कुछ पुराने फैसले भी वापस लिए जाएंगे। लुटनिक ने मंगलवार को कहा कि इस सहमति से रेयर अर्थ मिनरल्स और मैग्नेट्स से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि यह फ्रेमवर्क पिछले महीने जिनेवा में हुए समझौते को मजबूती देता है। लुटनिक ने बताया- इस समझौते में कुछ अमेरिकी एक्सपोर्ट रिस्ट्रिक्शन को हटाने की भी बात हुई। उन्होंने कहा, “हम इस फ्रेमवर्क को राष्ट्रपति ट्रम्प के पास ले जाएंगे और उनकी मंजूरी के बाद इसे लागू करेंगे।” दूसरी ओर, चीन इसे राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सामने रखेगा। अमेरिका और चीन ने टैरिफ में कटौती का ऐलान किया था इससे पहले अमेरिका और चीन के बीच 11 मई को जिनेवा में ट्रेड डील पर सहमति बनी थी। दोनों देशों ने टैरिफ में 115% कटौती का ऐलान किया था। जिनेवा में दोनों देशों के बीच हुए समझौते के मुताबिक अमेरिका, चीनी सामानों पर 30% टैरिफ लगाएगा। वहीं चीन, अमेरिकी सामानों पर 10% टैरिफ लगाएगा। दोनों देशों के बीच टैरिफ में यह कटौती फिलहाल 90 दिनों के लिए हुई। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा था- ये घाटा कम करने के लिए अच्छी डील व्हाइट हाउस ने 11 मई को एक बयान में चीन से व्यापार समझौते की घोषणा की थी। हालांकि व्हाइट हाउस ने तब इसकी डिटेल नहीं दी थी। अमेरिकी अधिकारियों ने इसे व्यापार घाटा कम करने के लिए एक डील बताया था, जबकि चीनी अधिकारियों ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच अहम सहमति बनी है और नए सिरे से आर्थिक बातचीत शुरू करने पर सहमति हुई है। पिछले महीने ट्रम्प ने चीनी सामानों पर 145% टैरिफ लगा दिए थे, जिसके बदले में चीन ने भी अमेरिकी सामान पर 125% तक का टैरिफ लगा दिया था। जिससे दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच सालाना 600 अरब डॉलर का व्यापार लगभग रुक गया था। ————————– ये खबर भी पढ़ें… अमेरिका हिंसा- 12 राज्यों के 25 शहरों में प्रदर्शन:लॉस एंजिलिस में शाम 6 बजे के बाद कर्फ्यू, ट्रम्प बोले- सुरक्षाबल पूरी ताकत से निपटेंगे अमेरिका के लॉस एंजिलिस में 5 दिनों से जारी प्रदर्शन के कारण शाम 6 बजे के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। लॉस एंजिलिस की मेयर कैरन बैस ने इमरजेंसी की घोषणा की है। पूरी खबर पढ़ें…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here