मुकुल देव के निधन पर भाई राहुल का रिएक्शन:कहा- उसकी जीने की इच्छा खत्म हो गई थी, मौत की वजह डिप्रेशन नहीं, खराब खान-पान था

0
25

एक्टर मुकुल देव का 23 मई को अचानक निधन हो गया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। उनके बड़े भाई और एक्टर राहुल देव ने इस दुखद घटना पर अब रिएक्शन दिया है। राहुल देव ने बताया कि मुकुल की मौत का कारण डिप्रेशन नहीं था, जैसा कई लोग सोच रहे थे, बल्कि उनकी खराब खान-पान की आदतें थीं। टाइम्स नाउ से बातचीत में राहुल देव ने कहा, ‘मुकुल लगभग आठ दिन तक ICU में भर्ती रहे। डॉक्टरों के मुताबिक, यह उनकी खराब खान-पान की आदतों का परिणाम था। पिछले चार-पांच दिनों से उन्होंने खाना लगभग पूरी तरह छोड़ दिया था। वह अकेलापन महसूस कर रहे थे और ऐसा लगने लगा था जैसे उनमें जिंदगी जीने की इच्छा ही नहीं बची हो। उन्हें जो भी काम के ऑफर मिलते, वे सभी को ठुकरा देते थे। अब जब सारी रस्में पूरी हो चुकी हैं, तो हकीकत धीरे-धीरे समझ में आ रही है और मुझे पता है कि यह दर्द और भी गहरा होने वाला है।’ राहुल देव ने बताया, ‘मुकुल 2019 में हमारे पिता की देखभाल के लिए दिल्ली चले गए थे, लेकिन उसी साल पिताजी का निधन हो गया। फिर 2023 में मां का भी निधन हो गया। इसके बाद मुकुल ने खुद को बिजी रखने की कोशिश की। वह लगातार कुछ न कुछ लिखते रहते थे, लेकिन धीरे-धीरे समाज से कटते चले गए। वह अपनी बेटी को बहुत याद करते थे और अपनी हेल्थ का भी ठीक से ख्याल नहीं रख पा रहे थे।’ मुकुल देव के निधन के बाद कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि वह डिप्रेशन से जूझ रहे थे। हालांकि, उनके भाई राहुल देव ने इन दावों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘जो लोग अब मुकुल के बारे में बातें कर रहे हैं, वे कभी भी उनके संपर्क में नहीं थे। वे कह रहे हैं कि वह ठीक नहीं थे, लेकिन उन्होंने हाल ही में हाफ मैराथन भी पूरी की थी। हां, उनका वजन जरूर बढ़ गया था। जब कोई खुद का ध्यान नहीं रखता, तो ये बातें नजर आने लगती हैं। लेकिन मैं पूछना चाहता हूं, 2019 से 2024 के बीच कौन मुकुल से मिलने आया? जब वह अस्पताल में भर्ती थे, तब कौन उन्हें देखने गया? या फिर उनकी प्रार्थना सभा में कौन शामिल हुआ?’ इन फिल्मों में नजर आए थे मुकुल देव मालूम हो कि 23 मई को दिल्ली में मुकुल का निधन हुआ था। वो ‘सन ऑफ सरदार’, ‘यमला पगला दीवाना’ और ‘आर… राजकुमार’ जैसी फिल्मों में नजर आए थे। उन्होंने कई टीवी सीरियल्स जैसे ‘घरवाली ऊपरवाली’, ‘कशिश’, ‘शशश… फिर कोई है’, ‘कुमकुम – एक प्यारा सा बंधन’ में काम किया था। वो 54 साल के थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here