भारत आज अपनी आजादी की 79वीं सालगिरह मना रहा है। इस बीच भारतीय खिलाड़ियों ने स्वतंत्रता दिवस पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए देश की आजादी का जश्न मनाया। सचिन तेंदुलकर ने फोटो पोस्ट कर लिखा, स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, जय हिंद। भारत के वनडे कप्तान रोहित शर्मा ने तिरंगे के साथ फोटो पोस्ट की। वहीं विकेटकीपर ऋषभ पंत ने चैंपियंस ट्रॉफी जीत का खुद से रिकॉर्ड किया हुआ वीडियो डाला। पंत की वीडियो में ड्रेसिंग रूम सेलिब्रेशन दिखा
चैंपियन ट्रॉफी फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर जीत हासिल की थी। शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस के दिन, ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें ड्रेसिंग रूम का मजाक-मस्ती भरा माहौल और कप्तान रोहित के साथ एक मजेदार बातचीत भी दिखी, जो फैंस को खूब पसंद आई। वीडियो में पंत रवींद्र जडेजा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल से बात करते हैं। आखिर में जब वो रोहित के पास पहुंचे, तो उन्होंने पूछा, भैया, ये स्टंप लेकर कहां जा रहे हो? रोहित, जिन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20I क्रिकेट से संन्यास लिया था, मुस्कुराते हुए बोले, क्या? रिटायरमेंट ले लूं? हर बार जीतेंगे तो हर बार थोड़ी रिटायरमेंट लेता रहूंगा। इस पर पंत हंसते हुए बोले- हम तो चाहते हैं आप खेलते रहें।
गंभीर ने लिखा- मेरा देश, मेरी पहचान
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने एक्स पर पांच नंबर की जर्सी पहने एक फोटो शेयर की और लिखा- मेरा देश, मेरी पहचान, मेरी जिंदगी, जय हिंद। सोशल मीडिया पर गौतम गंभीर की ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और हजारों लोग इसे लाइक कर चुके हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने एक्स पर तिरंगे की फोटो शेयर कर पोस्ट लिखा, इस स्वतंत्रता दिवस पर, आइए उन अनगिनत बलिदानों को याद करें जिनके कारण हमें आजादी का तोहफा मिला। आइए, हम हर दिन एक उज्जवल और मजबूत भारत के निर्माण के लिए प्रयास करें जिस पर हमारी आने वाली पीढ़ियां गर्व करें। आपको स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं, जय हिंद। हमारी आजादी कड़ी मेहनत से मिली- पठान
पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने एक्स पर एक फोटो शेयर की और लिखा- सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारी आजादी कड़ी मेहनत से मिली है। हमारा कर्तव्य है कि हम इसे जीवित रखें – भावना से, कर्म से और एकता से, जय हिंद। ——————– स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… क्या भारत को पाकिस्तान से क्रिकेट खेलना चाहिए?: दीजिए अपनी राय एशिया कप-2025 का शेड्यूल जारी हो चुका है। UAE में 9 सितंबर से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट का ऑफिशियल मेजबान भारत ही है, लेकिन मैच UAE में खेले जाएंगे। इस टी-20 टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान भिड़ंत 3 बार हो सकती है। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पूर्व क्रिकेटर्स की भारतीय टीम ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में पाकिस्तान से खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से भारत के एशिया कप में पाकिस्तान से खेलने का विरोध हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
