श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे गिरफ्तार:सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप, पत्नी के दीक्षांत समारोह में शामिल होने लंदन गए थे

0
18

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को पुलिस ने सरकारी धन का दुरुपयोग करने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। एएफपी ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि विक्रमसिंघे शुक्रवार को वित्तीय अपराध जांच विभाग में 2023 के लंदन दौरे से जुड़ी पूछताछ के लिए पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है। रानिल ने 2023 में राष्ट्रपति रहते अपनी पत्नी प्रोफेसर मैत्री विक्रमसिंघे के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए लंदन का दौरा किया था। विक्रमसिंघे बोले- पत्नी ने अपनी यात्रा का खर्च खुद उठाया हवाना से लौटते समय विक्रमसिंघे 2023 में लंदन में रुके थे, जहां उन्होंने जी-77 शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। उस दौरान वे और उनकी पत्नी मैत्री वॉल्वरहैम्प्टन यूनिवर्सिटी के एक समारोह में शामिल हुए थे। विक्रमसिंघे ने कहा था कि उनकी पत्नी ने अपनी यात्रा का खर्च खुद उठाया था और इसमें किसी सरकारी धन का इस्तेमाल नहीं किया गया था। हालांकि, पुलिस के आपराधिक जांच विभाग ने आरोप लगाया है कि विक्रमसिंघे ने निजी यात्रा के लिए सरकारी धन का इस्तेमाल किया है। इसके साथ ही उनपर अपने पर्सनल बॉडीगार्ड को सैलरी भी सरकारी खजाने से दी। शुक्रवार सुबह उन्हें मामले में बयान देने के लिए बुलाया गया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 2022 में राष्ट्रपति बने थे विक्रमसिंघे विक्रमसिंघे जुलाई 2022 में गोटबाया राजपक्षे के बचे कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति बने थे, जब भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के खिलाफ महीनों तक चले विरोध प्रदर्शनों के बाद राजपक्षे ने पद छोड़ दिया था। विक्रमसिंघे को 2022 में देश की अब तक की सबसे खराब वित्तीय मंदी के बाद अर्थव्यवस्था को स्थिर करने का श्रेय दिया जाता है। विक्रमसिंघे पिछले वर्ष सितम्बर में वामपंथी ए.के. दिसानायके से दूसरे दौर तक चले कड़े मुकाबले में चुनाव हार गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here