पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही के बीच कई पंजाबी और बॉलीवुड सेलेब्स पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं। दिलजीत दोसांझ ने बाढ़ से प्रभावित 20 गांव गोद लेने का ऐलान किया है। वहीं सिंगर एमी विर्क ने पीड़ितों की मदद करने के लिए 200 घर गोद लिए हैं। सिंगर गुरू रंधावा भी लगातार पीड़ितों तक जरूरत का सामान बांट रहे हैं। सिंगर एमी विर्क ने सोशल मीडिया पर 200 घर गोद लेने का ऐलान किया। उन्होंने लिखा है, ‘एमी विर्क और टीम की ओर से- हमारा दिल पंजाब में आई बाढ़ से हुई तबाही देखकर दुखी है। अपने लोगों को बिना छत के देखना बेहद पीड़ादायक है। इसने मुझे अंदर तक तोड़ दिया है। एक छोटी की कोशिश में, हम 200 घरों को गोद ले रहे हैं ताकि उन लोगों की मदद कर सकें जिन्होंने सब कुछ खो दिया है। यह केवल आश्रय देने की बात नहीं है, बल्कि आशा, सम्मान और दोबारा शुरुआत करने की ताकत देने की बात है। आइए हम सब मिलकर, जिस भी तरह संभव हो सके, जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।’ गुरू रंधावा ने पीड़ितों तक पहुंचाया पीने का पानी और राशन पंजाबी सिंगर गुरू रंधावा ने भी जरूरतमंद लोगों तक राशन और पीने का पानी पहुंचाया है। इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने पोस्ट में लिखा है, ‘आज और टीमें राशन-पानी लेकर जाएंगी। आप भी जितनी हो सके उतनी मदद करें। आओ हम सब मिलकर पूरे पंजाब की मदद करें, अपने परिवारों के साथ खड़े हों। वाहेगुरु, यह समय भी बीत जाएगा।’ संजय दत्त ने भी एक पोस्ट शेयर बाढ़ पीड़ितों को मदद भेजने की घोषणा की है। इनके अलावा सोनू सूद ने भी हर मुमकिन मदद पहुंचाने का ऐलान किया है। बीते दिन उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर लिखा है, मैं पंजाब के साथ खड़ा हूं। इन भीषण बाढ़ों से प्रभावित कोई भी अकेला नहीं है। हम सब मिलकर हर एक व्यक्ति को दोबारा खड़ा होने में मदद करेंगे। अगर आपको किसी भी तरह की मदद चाहिए, तो बेहिचक संदेश भेजें। हम अपनी पूरी कोशिश करेंगे कि आप तक पहुंच सकें और हर संभव सहायता दें। पंजाब मेरी रूह है। चाहे सब कुछ दांव पर क्यों न लगाना पड़े, मैं पीछे नहीं हटूंगा। हम पंजाबी हैं और हम कभी हार नहीं मानते। सोनू सूद खुद भी पंजाब के मोगा से हैं। सोनू सूद ने कहा है कि जिस भी किसी को जो भी जरूरत हो, वो बेझिझक उन तक पहुंचाएं। साथ ही उन्होंने जनता से भी मदद के लिए आगे आने और पंजाब को दोबारा खड़े करने में मदद करने की अपील की है। पंजाबी सिंगर रंजीत बावा ने भी घोषणा की है वो अपने शो से होने वाली सारी इनकम पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों को दान कर रहे हैं। उन्होंने अपने अल्बर्टा शो के दौरान पंजाब में आई बाढ़ का एक वीडियो भी चलाया। सिंगर करण औजला ने भी बाढ़ से हुई तबाही के बीच एक वीडियो जारी कर कहा कि वो मदद के लिए जो सके करेंगे। उन्होंने कहा, ‘हम अपनी तरफ से जितनी मदद कर सकते हैं, उतनी मदद कर रहे हैं। हमारे साथी और मेरी टीम पंजाब में है लोगों की मदद कर रही है। खाने, धारे, दवा सहित अन्य हर तरह की मदद कर रहे हैं। मुझे जो लोग चाहते हैं और जो नहीं भी चाहते हैं, वो भी हमारे पंजाब के लिए कुछ ना कुछ मदद जरूर करें। जिससे बाढ़ पीड़ितों को मदद मिल सके। मैं जितने लायक हूं, उतनी मदद करता रहूंगा। क्योंकि जब पानी निकल जाएगा, तब असल में पता चलेगा कि नुकसान कितना हुआ है। ऐसे में हमें पानी निकलने के बाद भी वहां पर लोगों की मदद के लिए पहुंचना होगा।’ एक्टर और बिजनेसमैन राज कुंद्रा भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने घोषणा की है कि उनकी आने वाली पंजाबी फिल्म मेहर की पहले दिन की बॉक्स ऑफिस कमाई बाढ़ पीड़ितों को दी जाएगी। राज कुंद्रा ने यह जानकारी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की और लोगों से अपील की कि वे भी आगे आएं ताकि जरूरतमंदों की मदद की जा सके। बताते चलें कि पंजाब के 9 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इनमें फाजिल्का, फिरोजपुर, कपूरथला, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, मोगा, गुरदासपुर और बरनाला शामिल हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 1312 गांव बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं।
