छत्तीसगढ़ में रविवार को राजनांदगांव, महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर और बीजापुर इन 7 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां बिजली चमकने, बादल गरजने और आंधी चलने की आशंका है। बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। आज से पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम होगी। पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश के सभी संभाग के अधिकतर स्थान पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। वहीं सबसे ज्यादा तापमान 31.6 डिग्री दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री भी दुर्ग में दर्ज किया गया। धमतरी में फंसे पुजारी इससे पहले धमतरी जिले के जोरातराई गांव में एक टापू पर 65 वर्षीय पुजारी फंस गए । वे पूजा के लिए महानदी पार कर रहे थे, तभी बाढ़ के चलते टापू पर फंस गए। लगभग 8 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला था। महिला को खाट पर बांधकर नदी पार कराई वहीं गरियाबंद जिले में ग्रामीणों ने प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को खाट पर बांधकर नदी पार कराई। घटना का वीडियो भी सामने आया। देवझर अमली निवासी 24 वर्षीय पिंकी नेताम को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। गर्भवती के परिजन एम्बुलेंस की व्यवस्था नहीं होने पर खाट पर लिटाकर ले गए। सुरक्षा के लिहाज से महिला को खाट से बांधा गया, ताकि नदी पार करते समय वह गिर न जाए। ग्रामीणों ने उसे अमाड़ नदी पार कराते हुए सावधानीपूर्वक देवभोग के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। 15 अक्टूबर के बाद मानसून लौटने के आसार मौसम विभाग के मुताबिक, 30 सितंबर तक हुई बारिश को मानसून की बारिश माना जाता है, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ यानी मानसून के बाद की बारिश माना जाता है। फिलहाल देश के कई हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में आमतौर पर 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा की तरफ से मानसून लौटना शुरू होता है, लेकिन इस बार वापसी में देरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार प्रदेश में मानसून करीब 15 अक्टूबर के बाद लौटेगा, यानी सामान्य से करीब 10 दिन देरी से। बेमेतरा में सबसे कम बरसा पानी प्रदेश में अब तक 1167.4 मिमी औसत बारिश हुई है। बेमेतरा जिले में अब तक 524.5 मिमी पानी बरसा है, जो सामान्य से 50% कम है। अन्य जिलों जैसे बस्तर, राजनांदगांव, रायगढ़ में वर्षा सामान्य के आसपास हुई है। जबकि बलरामपुर में 1520.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 52% ज्यादा है। ये आंकड़े 30 सितंबर तक के हैं। जानिए क्यों गिरती है बिजली बादलों में मौजूद पानी की बूंदें और बर्फ के कण हवा से रगड़ खाते हैं, जिससे उनमें बिजली जैसा चार्ज पैदा होता है। कुछ बादलों में पॉजिटिव और कुछ में नेगेटिव चार्ज जमा हो जाता है। जब ये विपरीत चार्ज वाले बादल आपस में टकराते हैं तो बिजली बनती है। आमतौर पर यह बिजली बादलों के भीतर ही रहती है, लेकिन कभी-कभी यह इतनी तेज होती है कि धरती तक पहुंच जाती है। बिजली को धरती तक पहुंचने के लिए कंडक्टर की जरूरत होती है। पेड़, पानी, बिजली के खंभे और धातु के सामान ऐसे कंडक्टर बनते हैं। अगर कोई व्यक्ति इनके पास या संपर्क में होता है तो वह बिजली की चपेट में आ सकता है।
