32.6 C
Bhilai
Wednesday, February 5, 2025

सूरजपुर डबल मर्डर-केस के बाद हटाए गए SP:मास्टरमाइंड कुलदीप साहू को संरक्षण देने के लगे थे आरोप; प्रशांत ठाकुर बने नए पुलिस अधीक्षक

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की हत्या और बवाल के बाद एसपी एम.आर.अहिरे को हटा दिया गया है। उन्हें रायपुर में यातायात उप महानिरीक्षक बनाया गया है। उनकी जगह पर प्रशांत कुमार ठाकुर नए एसपी बनाए गए हैं। गृह विभाग ने देर रात आदेश जारी किया है। दरअसल, हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुलदीप साहू को 20 अक्टूबर 2023 को तत्कालीन जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने एक साल के लिए जिलाबदर किया था। इस दौरान वो पुलिस के संरक्षण में सूरजपुर में घूमता रहा। पुरानी बाजार कृषि मंडी रोड के दुर्गापूजा समिति का अध्यक्ष भी था। इसके कार्ड भी बांटे गए थे। जांच के लिए बनाई गई थी अलग टीम एसपी से लेकर टीआई स्तर तक के अधिकारी मुख्य आरोपी को संरक्षण देने के आरोपों से घिरे हैं। इसलिए सरगुजा आईजी अंकित गर्ग ने मुख्य आरोपी को पुलिस संरक्षण देने की जांच के लिए अलग से जांच टीम बनाई है। आरोपी को धारा 188 के तहत गिरफ्तारी के बाद जमानत पर होने की जानकारी पुलिस ने दी थी। इन आरोपों के बाद अब एसपी पर गाज गिरी है। जेल भेजा गया कुलदीप पुलिस ने मास्टरमाइंड कुलदीप साहू से पिस्टल बरामद कर लिया है। कुलदीप ने भागते हुए पुलिस पर 8 राउंड फायरिंग की थी। अफसरों की माने तो जल्द ही कुलदीप के अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया जाएगा। घर को ढहाकर पार्क बनाने की तैयारी है। कुलदीप साहू को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। शहीद का दर्जा देने की मांग तालिब शेख की मां मैमूना शमीम और बड़े भाई मोहम्मद आरिफ ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। मां ने कहा कि, इस घटना से हम लोग टूट गए हैं। 15 दिन के अंदर फास्ट ट्रैक कोर्ट से फांसी की सजा मिलनी चाहिए। वहीं तालिब के बड़े भाई मोहम्मद आरिफ ने दोनों मृतकों को शहीद का दर्जा देने की मांग की है। चाकू से गोदकर की थी हत्या दरअसल, 13 अक्टूबर की रात कुलदीप साहू ने 2 साथियों NSUI जिलाध्यक्ष सीके चौधरी और रिंकू सिंह के साथ मिलकर हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की चाकुओं से हत्या कर दी थी। उनके शवों को आरोपियों ने कार में डालकर 5 किलोमीटर दूर खेत में फेंक दिया था। आरोपियों का पुतला फांसी पर लटकाया रविवार को संयुक्त पुलिस परिवार ने आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान आरोपियों के पुतलों को फांसी दी गई। उक्त मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर 15 दिनों में आरोपियों को फांसी देने की मांग संयुक्त पुलिस परिवार ने की। संयुक्त पुलिस परिवार के संयोजक उज्जवल दीवान के आह्वान पर रविवार को कोतवाली के सामने स्थित पुराने बस स्टैंड परिसर में लोग जुटे थे। विरोध प्रदर्शन में सूरजपुर नगर पालिका अध्यक्ष केके अग्रवाल भी शामिल हुए। हालांकि प्रदर्शन में सूरजपुर पुलिस परिवार के सदस्य शामिल नहीं हुए। इस दौरान केके अग्रवाल ने कहा कि आरोपी कुलदीप के अवैध घर और बाउंड्रीवाल को गिराने के लिए नगर पालिका तैयार है। प्रशासन का साथ मिले तो प्रशासन और नगर पालिका उसके अवैध घर को ढहा देगी। उस जगह पर पार्क बनाया जाएगा। पिस्टल, कार की चाबी जब्त कुलदीप साहू को हत्या के बाद भागते हुए पुलिस ने रात में पकड़ने की कोशिश की थी। हालांकि तब तक पुलिस को दोहरे हत्याकांड की जानकारी ही नहीं थी। कुलदीप साहू ने विश्रामपुर टीआई अलरिक लकड़ा की टीम पर पिस्टल से फायरिंग की थी। पुलिस ने कुलदीप साहू की निशानदेही पर करवां में सहयोगी सूरज साहू के घर के पीछे स्थित केले के पेड़ों में छिपाए गए पिस्टल को बरामद कर लिया है। करवां से ही कुलदीप साहू का मोबाइल और कार की चाबी भी बरामद की गई है। कुलदीप साहू की रिमांड आज समाप्त हो रही है। मुख्य आरोपी का साला भी गिरफ्तार पुलिस ने मुख्य आरोपी कुलदीप के साले ग्राम खड़गवां निवासी नीलकेश्वर साहू (26) को भी साक्ष्य छिपाने में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। …………………….. छत्तीसगढ़ में हत्या से संबंधित और भी खबरें…. डबल-मर्डर केस…कोर्ट ने 3 दिन बढ़ाई मास्टरमाइंड की रिमांड: सूरजपुर में कुलदीप के घरों, दुकानों और अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर; पुलिस को पिस्टल की तलाश छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की हत्या के मास्टरमाइंड कुलदीप साहू, NSUI के पूर्व जिलाध्यक्ष सीके चौधरी सहित 4 आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार शाम कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने कुलदीप साहू को 3 दिन की रिमांड पर लिया है। वहीं 3 आरोपियों को जेल भेज दिया है। यहां पढ़िए पूरी खबर…

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles