पंजाब के शाकाहारी बॉडी बिल्डर और एक्टर वरिंदर सिंह घुम्मन के सोशल मीडिया अकाउंट से एक भावुक पोस्ट शेयर की गई है। घुम्मन के बेटे गुरतेज वीर सिंह का आज जन्मदिन है, इसे लेकर परिवार ने घुम्मन की ओर से गुरतेज को बर्थडे विश किया है। इस पल को लेकर परिवार के साथ फैंस भी उन्हें याद कर भावुक हो रहे हैं। इसे लेकर परिवार ने घुम्मन के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो भी शेयर की है। वीडियो में घुम्मन बेटे के साथ मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं। दोनों विभिन्न स्थानों पर साथ में घूम रहे हैं। परिवार ने पोस्ट में लिखा- आज मेरे लाड़ले बेटे का जन्मदिन है। मेरी आत्मा हर पल तुम्हारे साथ है…। वहीं कल यानी शुक्रवार को वरिंदर सिंह घुम्मन के नाम की अंतिम अरदास है। बीते मंगलवार को परिवार ने यह जानकारी साझा की थी। घुम्मन जालंधर के मॉडल हाउस स्थित अपने जिम में एक्सरसाइज कर रहे थे। तभी उनके कंधे की नस दब गई थी। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में दो हार्ट अटैक आने से 9 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई थी। अंतिम अरदास (भोग) में कई कलाकारों और राजनेताओं के पहुंचने की उम्मीद है। पढ़िए पोस्ट में परिवार ने क्या लिखा… कैसे हुई थी बॉडी बिल्डर घुम्मन की मौत
वरिंदर घुम्मन जालंधर के मॉडल हाउस स्थित अपने जिम में एक्सरसाइज कर रहे थे। इस दौरान उनके कंधे की नस दब गई थी। तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्हें 2 हार्ट अटैक आए। जिससे उनकी मौत हो गई थी। घुम्मन की मौत पर परिवार से शोक जताने पहुंचे कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा था कि घुम्मन की मौत के पीछे जो भी कारण होंगे, उनकी जांच करवाई जाएगी। जो भी कसूरवार पाया गया, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
