एक्टर सतीश शाह का शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। वे 74 साल के थे। उनके मैनेजर ने बताया कि शाह का पार्थिव शरीर अस्पताल में ही रखा गया है। अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। वे लंबे समय से किडनी से जुड़ी परेशानी से जूझ रहे थे और हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। सतीश शाह साराभाई वर्सेज साराभाई, जाने भी दो यारो शो से फेमस हुए थे। उन्होंने मैं हूं ना (2004), कल हो ना हो (2003), फना (2006) और ओम शांति ओम (2007) जैसी कई मशहूर फिल्मों में काम किया था। साल 2008 में उन्होंने अर्चना पूरन सिंह के साथ शो कॉमेडी सर्कस में जज के तौर पर काम किया था। साल 2015 में उन्हें फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) की सोसाइटी का सदस्य भी बनाया गया था। सतीश शाह का जन्म गुजरात के मांडवी में हुआ था। उन्होंने जेवियर कॉलेज से पढ़ाई करने के बाद पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से पढ़ाई की थी। साल 1972 में सतीश ने डिजाइनर मधु शाह से की थी। एक्टिंग करियर की बात करें तो सतीश ने साल 1970 में बॉलीवुड फिल्म भगवान परशुराम से करियर की शुरुआत की थी। तब से लेकर साल 2014 तक उन्होंने अनगिनत फिल्मों में काम किया था। वहीं, टीवी पर उन्होंने साल 1984 में सिटकॉम शो ‘ये जो है जिंदगी से’ के जरिए अपना डेब्यू किया। इस शो के 55 एपिसोड में उन्होंने 55 अलग-अलग किरदार निभाए थे। उसके बाद वो फिल्मी चक्कर, घर जमाई, टॉप 10, साराभाई वर्सेस साराभाई और कॉमेडी सर्कस जैसे शो का हिस्सा रहे। यह खबर हम लगातार अपडेट कर रहे हैं…
