वर्ल्ड अपडेट्स:ट्रम्प प्रशासन हिरासत में लिए गए प्रवासियों का DNA सैंपल भी लेगा; प्राइवेसी के अधिकार पर विवाद शुरू

0
21

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन ने प्रवासियों से बड़े पैमाने पर बायोमैट्रिक डेटा इकट्ठा करने की नीति को मंजूरी दी है। अब सिर्फ फिंगरप्रिंट ही नहीं, बल्कि DNA, आंखों की स्कैनिंग, चेहरे की पहचान और आवाज के नमूने जैसे बायोमैट्रिक डेटा भी लिए जाएंगे। इस कदम ने निजता और नागरिक अधिकारों को लेकर नए विवाद खड़े कर दिए हैं। अब तक केवल सीमित मामलों में वयस्कों से फिंगरप्रिंट लिए जाते थे। नए नियम के तहत हर उम्र के व्यक्ति का बायोमैट्रिक डेटा लिया जा सकता है, अगर वह इमिग्रेशन से जुड़ा कोई दस्तावेज जमा करता है या हिरासत में लिया जाता है। इमिग्रेशन अधिकारियों द्वारा पकड़े गए गैर-अमेरिकियों से भी DNA लिया जा सकेगा। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… अमेरिकी रक्षा मंत्री बोले- चीन से रिश्ते पहले से बेहतर, बातचीत बढ़ाने पर सहमति जताई अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि चीन के साथ अमेरिका के संबंध अब पहले से बेहतर हैं। मलेशिया में चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जुन से मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने आपसी बातचीत बढ़ाने और रक्षा संबंधों में स्थिरता बनाए रखने पर सहमति जताई है। हेगसेथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, अमेरिका और चीन के रिश्ते पहले से कहीं मजबूत हैं। साउथ कोरिया में ट्रम्प और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ऐतिहासिक बैठक’ के बाद मेरी भी एडमिरल डोंग जुन से बहुत सकारात्मक और उपयोगी बातचीत हुई। अमेरिकी मंत्री के अनुसार, दोनों देशों का मानना है कि शांति, स्थिरता और अच्छे संबंध ही आगे का रास्ता हैं। उन्होंने कहा कि ट्रम्प की ऐतिहासिक बैठक ने लंबे समय तक साझेदारी और शांति की मजबूत नींव रखी है। हेगसेथ ने यह भी बताया कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच सीधा संवाद बढ़ाने के लिए मिलिट्री-टू-मिलिट्री कम्युनिकेशन चैनल बनाने पर सहमति हो गई है, ताकि किसी भी विवाद या गलतफहमी को तुरंत दूर किया जा सके। ट्रम्प से मिलने व्हाइट हाउस पहुंचेंगे सीरियाई राष्ट्रपति अल-शरा; 10 नवंबर को मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 10 नवंबर को व्हाइट हाउस में सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा की मेजबानी करेंगे। यह पहली बार होगा जब किसी सीरियाई राष्ट्रपति की व्हाइट हाउस यात्रा होगी। Axios की रिपोर्ट के मुताबिक यह बैठक औपचारिक घोषणा से पहले ही तय हो चुकी थी। ट्रम्प और अल-शरा की पिछली मुलाकात मई में सऊदी अरब में हुई थी, जो 25 साल बाद दोनों देशों के नेताओं का आमना-सामना था। अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के बाद यह बैठक सीरिया के लिए कूटनीतिक स्तर पर बड़ा बदलाव मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अतीत में अल-शरा पर चरमपंथी संगठनों से जुड़े होने के आरोप लगे थे। कहा जाता है कि वे इराक में अमेरिकी सेना के खिलाफ संघर्ष में शामिल रहे और कुछ समय के लिए हिरासत में भी रहे थे। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, व्हाइट हाउस यात्रा के दौरान अल-शरा अमेरिका-नेतृत्व वाले ISIS विरोधी गठबंधन में शामिल होने के समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब ट्रम्प प्रशासन मध्य पूर्व में शांति प्रयासों को आगे बढ़ा रहा है। इस्राइल–हमास के बीच हालिया युद्धविराम और बंधक समझौते को अमेरिकी नीति का सकारात्मक कदम माना जा रहा है, हालांकि गाजा में ताज़ा झड़पों ने हालात को फिर चुनौतीपूर्ण बना दिया है। —————————– 1 अक्टूबर के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें….

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here