साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत की 3 महीने बाद टीम में वापसी हुई है। वे इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान चोटिल हो गए थे। पंत के पैर में फ्रैक्चर था। वे वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में भी नहीं खेले थे। बुधवार को जारी टीम में पंत को तमिलनाडु के नारायण जगदीशन की जगह चुना गया। पंत ने 2 नवंबर को बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ 4 दिवसीय मैच में भारत ए की कप्तानी की थी। उन्होंने दूसरी पारी में 90 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी। वेस्टइंडीज के खिलाफ होम सीरीज में नहीं खेले पंत
ऋषभ पंत चोट के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मैचों की होम सीरीज नहीं खेल सके थे। उस सीरीज में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान व विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और आकाश दीप। पंत के नाम 8 टेस्ट शतक
ऋषभ पंत भारत के लिए 47 टेस्ट में 44.50 की औसत से 3427 रन बना चुके हैं। उनके नाम 8 शतक और 18 फिफ्टी भी शामिल हैं। वे टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले विकेटकीपर हैं। उन्होंने 31 वनडे और 76 वनडे भी खेले हैं। गुवाहाटी में पहली बार टेस्ट मैच होगा
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट 14 नवंबर से कोलकाता में और दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा। यह पहला मौका होगा, जब गुवाहाटी में कोई टेस्ट मैच खेला जाएगा। इस मुकाबले में पहली बार लंच से पहले टी सेशन होगा। टेस्ट में आमतौर पर लंच के बाद टी सेशन होता है। तिलक वर्मा को इंडिया-ए का कप्तान बनाया
भारतीय सिलेक्टर्स ने टेस्ट के अलावा साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान भी किया है। इस टीम की कमान तिलक वर्मा को दी गई। जबकि, ऋतुराज गायकवाड उप कप्तान बनाए गए। इस सीरीज के सभी मुकाबले राजकोट में खेले जाएंगे। इंडिया-ए वनडे टीम तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, रियान पराग, ईशान किशन, आयुष बडोनी, निशांत सिंधू, विपराज निगम, मानव सुथार, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद और प्रभसिमरन सिंह। —————————————-
