बृहस्पति सिंह बोले-जिलाध्यक्ष बनाने 5-7 लाख मांग रही सह-प्रभारी जरिता:कहा- सरगुजा संभाग में कई शिकायतें; कांग्रेस ने बताया आरोप झूठे, लैतफलांग बोलीं- नो कमेंट्स

0
6

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस जिलाध्यक्षों की नई सूची अभी नहीं आई है, लेकिन हर दिन नए विवाद सामने आ रहे हैं। अब कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी जरिता लैतफलांग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष बनाने के नाम पर दावेदारों से सह प्रभारी 5 से 7 लाख रुपए तक की रिश्वत मांग रही है। बृहस्पति सिंह का कहना है कि, बलरामपुर, बैकुंठपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर और जशपुर जिलों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। दावेदारों को एक नंबर से कॉल आ रहे हैं। जिसमें खुद को जरिता मैडम का पीए बताकर कहा जाता है कि जरिता जी बात करेंगी, फिर एक महिला की आवाज में ‘5 से 7 लाख दो, जिलाध्यक्ष बना देंगे’ जैसी बातें कही जा रही हैं। बृहस्पति सिंह ने कांग्रेस की पूर्व छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी शैलजा पर भी बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा टिकट बांटने के वक्त भी शैलजा ने कई प्रत्याशियों से पैसे वसूले थे। शैलजा की वजह से छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमजोर हुई और अब वही सिलसिला फिर दोहराया जा रहा है। इन आरोपों पर जरिता लैतफलांग ने “नो कमेंट” कहकर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। वहीं छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि बृहस्पति सिंह के आरोप पूरी तरह निराधार और राजनीति से प्रेरित हैं। इसके अलावा अंबिकापुर कोतवाली थाने में कांग्रेसियों ने बृहस्पति सिंह पर FIR करने आवेदन सौंपा है। पढ़िए दैनिक भास्कर से बृहस्पति सिंह ने क्या कुछ कहा? दैनिक भास्कर से बातचीत में बृहस्पति सिंह ने कहा कि अभी पूरे देश में राहुल गांधी और कांग्रेस हाईकमान ने बहुत अच्छा निर्णय लिया है। हर राज्य से पर्यवेक्षक भेजकर कार्यकर्ताओं के बीच में हर ब्लॉक, हर विधानसभा में जाकर उनकी राय लेकर जिलाध्यक्षों की नियुक्ति करना चाहते हैं। जिससे सेवाभाव से काम करने वाले लोगों की नियुक्ति हो सके। लेकिन अभी-अभी जो खबर आ रही है कि कल से लगातार फोन आ रहे हैं। बलरामपुर, बैकुंठपुर, अंबिकापुर, सुरजपुर और जशपुर से जो अध्यक्ष के उम्मीदवार हैं, उनकी तरफ से बताया जा रहा है कि एक नंबर से फोन आ रहा है। जरिता मैडम का पीए बोलता है, जरिता मैडम बात करेंगी और एक महिला फोन लगाती है। आवाज तो कुछ लोग पहचानते हैं। जरिता मैडम जो छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सह प्रभारी हैं। उनका नाम आ रहा है। कोई बोल रहा है, 5 लाख, 7 लाख दो, हम आपको अध्यक्ष बना देंगे। पहले जो हमारी राज्य की प्रभारी थीं शैलजा मैडम। ऐसे ही जब विधानसभा का चुनाव हुआ था, तब कई विधायक उम्मीदवारों से उन्होंने पैसे वसूले थे। गलत जानकारी देकर छत्तीसगढ़ को डूबाने की भूमिका निभाई थी। यहां से जाने के बाद हरियाणा में भी उनकी भूमिका वही रही। जिसकी वजह से कांग्रेस ने उनको दरकिनार कर दिया। उसी राह पर आज जरिता मैडम हैं। कांग्रेस ने बृहस्पति सिंह के आरोपों को बताया झूठा छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बृहस्पति सिंह के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि, बृहस्पति सिंह के आरोप बेबुनियाद हैं। वो कांग्रेस से निष्कासित हैं। कांग्रेस में आने का प्रयास भी कर रहे थे, लेकिन उनके आवेदन पर विचार नहीं हुआ है। मुझे ऐसा लगता है कि वो राजनीति से प्रेरित आरोप लगा रहे हैं। जरिता लैतफलांग ने कुछ भी कहने से किया इनकार इस पूरे विवाद पर जब हमने सहप्रभारी जरिता लैतफलांग से बात की और उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही, तो उन्होंने “नो कमेंट” कहकर, इस विषय पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। पहले भी सामने आते रहे हैं विवाद जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं। पार्टी के अंदर कभी सोशल मीडिया के जरिए तो कभी शिकायत करके नाराजगी जताई जाती रही है। हाल ही में रायपुर जिले से जिलाध्यक्ष पद के दावेदार और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीकुमार मेनन ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर अपना दर्द बयां किया किया था। उन्होंने लिखा था कि “किसी ने कहा कि आप इतना धोखा कैसे सह सकते हो। धोखा वो भी अपने लोगों से। तो मैंने कहा कि, धोखा तो नमक हराम और गद्दार करते हैं। जिनको हमने सब कुछ दिया, वही हमारी पीठ में छुरा भोंकते हैं।” श्रीकुमार मेनन से पहले शिव सिंह ठाकुर ने भी सोशल मीडिया पर अपनी निराशा व्यक्त की थी। उन्होंने लिखा था कि, “रायपुर शहर अध्यक्ष के लिए आवेदन दिया था, लेकिन अब लग रहा है कि इंजीनियरिंग प्रोफेशन में लौटना पड़ेगा।” हालांकि, उन्होंने बाद में अपनी पोस्ट डिलीट कर दी। कहा कि उनका राजनीति छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। यहीं नहीं पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडाधे को पत्र लिखकर गुटबाजी की शिकायत भी की जा चुकी है। ………………………………… छत्तीसगढ़ कांग्रेस से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… 01.कांग्रेस के रायपुर जिलाध्यक्ष दावेदार का छलका दर्द: श्रीकुमार मेनन ने लिखा- जिनको सब कुछ दिया, उन्होंने ही पीठ में छुरा घोंपा छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की सूची अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन अंदरूनी घमासान और नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी के भीतर चल रही हलचल अब सोशल मीडिया के जरिए बाहर दिखने लगी है। रायपुर जिले से जिलाध्यक्ष पद के दावेदार और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीकुमार मेनन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर अपना दर्द बयां किया है। पढ़ें पूरी खबर 02. रायपुर जिलाध्यक्ष बनाने लॉबिंग…विकास उपाध्याय-पंकज की शिकायत: यूथ कांग्रेस-NSUI नेताओं ने ऑब्जर्वर को लिखा-मेनन के पक्ष में बना रहे दबाव, इनको कार्यालय से दूर रखें कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए ‘सृजन अभियान’ की शुरुआत की है। इस अभियान की शुरुआत गुजरात से हुई थी। अब यह कैंपेन छत्तीसगढ़ में जारी है। जिसके तहत जिलाध्यक्ष चयन की प्रक्रिया चल रही है। इस बीच NSUI और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रायपुर जिले के पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडाधे से जिलाध्यक्ष के नाम को लेकर लॉबिंग करने की शिकायत की है। पढ़ें पूरी खबर…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here