बृहस्पति बोले-TS सिंहदेव कराना चाहते हैं मेरे खिलाफ FIR:MLA पुरंदर ने कहा-बृहस्पति बीजेपी ज्वाइन करेंगे,तो इज्जत मिलेगी, कांग्रेस आदिवासी नेताओं का करती है अपमान

0
11

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने सह प्रभारी जरिता लैतफलांग पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। जिसके बाद मनेंद्रगढ़, सूरजपुर समेत कई जिलों में कांग्रेस ने थाने पहुंचकर FIR दर्ज करने की मांग की थी। वहीं, कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने कहा कि, टीएस सिंहदेव के कहने पर मल्लू पाठक (सरगुजा कांग्रेस जिलाध्यक्ष) मेरे खिलाफ FIR करने थाने पहुंचे थे। सिंहदेव चाहते हैं कि, आदिवासी नेता के खिलाफ FIR दर्ज करके दबाया जाए। बृहस्पति सिंह ने कहा कि इनके ऐसा करने से मैं डरने वाला नहीं हूं। मैं चाहता हूं आजादी, बोलने की आजादी, काम करने की आजादी। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से काम कर सके, इसकी आजादी। मैं नहीं चाहता कि मल्लू पाठक की तरह, सामंत शाहों के कब्जे में रहकर सरगुजा कांग्रेस की राजनीति चले, मैं ऐसा नहीं चाहता। अब रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि, अगर बृहस्पति सिंह कांग्रेस में परेशान हैं, तो वे बीजेपी में आ जाएं। बीजेपी बड़ी दिल वाली पार्टी है। समुद्र में एक लोटा पानी आए या चला जाए, कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस आदिवासी नेताओं का अपमान करती है MLA पुरंदर मिश्रा ने कहा कि, कांग्रेस का कल्चर हमेशा से आदिवासी नेताओं को अपमानित करने वाला रहा है। पहले भी कांग्रेस के आदिवासी नेता अमरजीत भगत का माइक छीना गया था। अब बृहस्पति सिंह को अपशब्द कहकर बेइज्जत किया जा रहा है। कांग्रेस आज न लोकसभा में है, न विधानसभा में, फिर भी नेताओं में घमंड भरा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि, छत्तीसगढ़ में आदिवासियों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब जानिए बृहस्पति सिंह ने क्या कहा था ? कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने शनिवार को कहा था कि, बलरामपुर, बैकुंठपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर और जशपुर जिलों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। दावेदारों को एक नंबर से कॉल आ रहे हैं। जिसमें खुद को जरिता मैडम का पीए बताकर कहा जाता है कि जरिता जी बात करेंगी, फिर एक महिला की आवाज में ‘5 से 7 लाख दो, जिलाध्यक्ष बना देंगे’ जैसी बातें कही जा रही हैं। बृहस्पति सिंह ने कांग्रेस की पूर्व छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी शैलजा पर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा था कि विधानसभा टिकट बांटने के वक्त भी शैलजा ने कई प्रत्याशियों से पैसे वसूले थे। शैलजा की वजह से छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमजोर हुई और अब वही सिलसिला फिर दोहराया जा रहा है। कांग्रेस ने बृहस्पति सिंह के आरोपों को बताया था झूठा छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बृहस्पति सिंह के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया था। उन्होंने कहा था कि, बृहस्पति सिंह के आरोप बेबुनियाद हैं। वो कांग्रेस से निष्कासित हैं। कांग्रेस में आने का प्रयास भी कर रहे थे, लेकिन उनके आवेदन पर विचार नहीं हुआ है। मुझे ऐसा लगता है कि वो राजनीति से प्रेरित आरोप लगा रहे हैं। जरिता लैतफलांग ने कुछ भी कहने से किया इनकार इस पूरे विवाद पर जब हमने सहप्रभारी जरिता लैतफलांग से बात की और उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही, तो उन्होंने “नो कमेंट” कहकर, इस विषय पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया था। ……………………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… बृहस्पति सिंह बोले-जिलाध्यक्ष बनाने 5-7 लाख मांग रही सह-प्रभारी जरिता: कहा- सरगुजा संभाग में कई शिकायतें; कांग्रेस ने बताया आरोप झूठे, लैतफलांग बोलीं- नो कमेंट्स छत्तीसगढ़ में कांग्रेस जिलाध्यक्षों की नई सूची अभी नहीं आई है, लेकिन हर दिन नए विवाद सामने आ रहे हैं। अब कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी जरिता लैतफलांग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष बनाने के नाम पर दावेदारों से सह प्रभारी 5 से 7 लाख रुपए तक की रिश्वत मांग रही है। पढ़ें पूरी खबर…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here