केंद्रीय मंत्री के सामने भिड़े BJP MLA और प्रदेश मंत्री…VIDEO:एक-दूसरे को देख लेंगे बोले सुशांत और हर्षिता, महिला नेता की बांह पकड़ते दिखा BJP-कार्यकर्ता

0
9

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को भाजपा की यूनिटी मार्च में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के सामने बेलतरा से बीजेपी विधायक सुशांत शुक्ला और संगठन के प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय के बीच जमकर विवाद हुआ। सुशांत शुक्ला और हर्षिता पांडेय एक-दूसरे को देख लेने की बात कहते नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों नेता यूनिटी मार्च में फर्स्ट लाइन पर चलने को लेकर विवाद कर रहे थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और समर्थक उन्हें शांत कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन दोनों के बीच बहसबाजी होती रही। हालांकि बीजेपी के सीनियर विधायक धरमलाल कौशिक के समझाने के बाद शांत हुए। वहीं इन सबके बीच यूनिटी मार्च के दौरान एक बीजेपी कार्यकर्ता हर्षिता पांडेय की बांह पकड़कर खींचते भी नजर आ रहा है, जो उनके कान में कुछ कहता दिख रहा है। विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। विवाद को लेकर कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के अंदरूनी खाने में जो लड़ाई चल रही है, निपटो निपटाओ का खेल चल रहा है। वहीं बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति भाजपा में नहीं है। पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह से पूछिए। इसके बाद हमें जवाब देने की जरूरत नहीं है। पहले ये तस्वीरें देखिए… अब जानिए किस कार्यक्रम में विवाद ? दरअसल, मंगलवार को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बिलासपुर में ‘यूनिटी मार्च’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं और युवाओं के साथ ही भाजपा नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत तिफरा स्थित मां काली मंदिर परिसर से हुई, जहां केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक अमर अग्रवाल ने माता काली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मां का आशीर्वाद लिया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने हरी झंडी दिखाकर यूनिटी मार्च का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी नेता यूनिटी मार्च में पैदल चलने लगे। यह पैदल मार्च नेहरू चौक पर खत्म हुआ। इसके बाद सभी नेताओं ने एकता का संकल्प लिया। अब जानिए कैसे शुरू हुआ विवाद ? वीडियो के मुताबिक, बीजेपी प्रदेश संगठन मंत्री हर्षिता पांडेय केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के बगल में खड़ी होकर चल रही थीं। वहीं, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला को जगह नहीं मिल पाई। वो तोखन साहू के पीछे सेकेंड लाइन में चलने लगे। कुछ दूर चलने के बाद जब सुशांत शुक्ला फर्स्ट लाइन में तोखन साहू के बगल में आने की कोशिश करने लगे, तब हर्षिता पांडेय भड़क गईं। देखते ही देखते दोनों के बीच सरेराह विवाद शुरू हो गया। इस दौरान दोनों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। वीडियो में दोनों नेता एक-दूसरे को देख लेने की बात कहते नजर आ रहे हैं। एक दूसरे को उंगली दिखाकर कर रहे बात वीडियो में दिख रहा है कि केंद्रीय मंत्री तोखन साहू तिरंगा झंडा लेकर चल रहे हैं। वहीं बगल में सुशांत शुक्ला नजर आ रहे हैं। सुशांत के बगल में हर्षिता पांडेय नजर आ रही हैं। सुशांत उंगली दिखाकर बात कर रहे हैं, तो हर्षिता भी उंगली दिखाकर बात करते नजर आ रही हैं। इस दौरान कुछ देर दोनों के बीच बहस होती है, फिर भीड़ से एक बीजेपी कार्यकर्ता, जिसका नाम अमित सिंह बताया जा रहा है, वह हर्षिता के बगल में चल रहा है, जो हर्षिता की बांह पकड़कर समझाने के लिए कान में कुछ कहते हुए नजर आ रहा है। इसके बाद हर्षिता पांडेय ठहरती हैं और फिर चलने लगती हैं। विवाद बढ़ता देखकर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक को बीच-बचाव करना पड़ा। उन्होंने बीच-बचाव किया। विधायक सुशांत शुक्ला और हर्षिता पांडे तब जाकर शांत हुए। भाजपा के भीतर भीतर निपटो-निपटाओ का खेल चल रहा- कांग्रेस कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय ने कहा कि भाजपा के भीतर भीतर निपटो-निपटाओ का खेल चल रहा है। अभी केंद्रीय मंत्री के सामने यह उजागर हुआ है। बहुत जल्द, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के सामने भी उजागर हो जाएगा। भाजपा का अंदरूनी कलह अब उजागर होने लगा है। मीडिया की बातों ने कांग्रेस को मौका दिया- सुशांत शुक्ला बीजेपी विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि कहीं कोई विवाद की स्थिति नहीं बनी है। मीडिया अपने मन मस्तिष्क से उपज कर रही है। मीडिया की बातों ने कांग्रेस को मौका दिया। जो लोग खुद अपने घर पर ईंट पत्थर चलाते हैं, वो दूसरे के शीशे के मकान पर कीचड़ उछालने का काम ना करें। हम सब एक हैं। कांग्रेस की संस्कृति भाजपा में नहीं है- धरमलाल कौशिक विवाद को लेकर बीजेपी के सीनियर विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि कोई विवाद नहीं है। कांग्रेस क्या बोल रही है, ये कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह से पूछिए। इसके बाद हमें जवाब देने की जरूरत नहीं है। बृहस्पति सिंह जवाब दे देंगे। ………………….. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… रायपुर में चक्काजाम से पहले भिड़े कांग्रेस नेता, VIDEO: सुशील शुक्ला और गिरीश दुबे के बीच बहस, BJP बोली-कांग्रेस अब सड़क पर भी बंट गई रायपुर में कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी के दौरान कांग्रेस नेताओं की बीच आपसी बहस हो गया। कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला और जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here