छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक-युवती को कुचला दिया। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है। हादसा CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसका फुटेज भी सामने आया है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र है। ट्रक के कुचलने से युवक की मौत के बाद भड़के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम किया। इस दौरान 20 लाख रुपए मुआवजा और भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री नियम लागू करने की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। वहीं महाराष्ट्र में छत्तीसगढ़ के कोरबा के रहने वाले 2 मजदूरों की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गन्ने से भरे एक ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे में 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। बीड़ जिले के अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए… पहला हादसा- जांजगीर-चांपा में एक मौत, एक घायल दरअसल, गुरुवार शाम को निकेश टंडन (22) अपनी बाइक पर युवती के साथ कहीं जा रहा था। इस दौरान ग्राम खिसोरा के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर फरार हो गया। इस दौरान मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने युवक-युवती को अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान निकेश की मौत हो गई, जबकि युवती का इलाज जारी है। निकेश की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उसका शव सड़क पर रखकर सड़क जाम कर दिया। उन्होंने 20 लाख रुपए का मुआवजा और भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री नियम लागू करने की मांग की। 4 लाख रुपए मुआवजा मिलने के बाद चक्काजाम खत्म वहीं प्रदर्शन की सूचना मिलते ही राजस्व अधिकारी और थाना प्रभारी भास्कर शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी, लेकिन परिजन और ग्रामीण अपने मांगों पर अड़े रहे। हालांकि बाद में 4 लाख रुपए की मुआवजा राशि दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क हादसे में मृतक के परिवार को ट्रक मालिक की ओर से 3.75 लाख रुपए और प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई। इसके बाद परिजनों-ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया। दूसरा हादसा- महाराष्ट्र में कोरबा के 2 मजदूरों की मौत वहीं दूसरी घटना महाराष्ट्र के बीड जिले की है। बुधवार को बाकी मोगरा के रहने वाले सुशांत प्रसाद केवट, प्रशांत सिंह, सनी चव्हाण, विशाल शाबू और राजा यादव स्कॉर्पियो में सवार होकर किसी फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे। इस दौरान उनकी स्कॉर्पियो गन्ने से भरे एक ट्रैक्टर से जा टकरा गई। वहीं हादसे में सुशांत प्रसाद केवट और प्रशांत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सनी चव्हाण, विशाल शब्बू और राजा यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद कोरबा लाए गए मृतकों के शव वहीं हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की सूचना पर मृतकों और घायलों के परिजन बीड जिला पहुंचे। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने उन्हें एम्बुलेंस से कोरबा के लिए रवाना किया। शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे शव बाकी मोगरा पहुंची। वहीं घायलों को भी कोरबा लाया गया है। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हालत गंभीर बनी हुई है। ………………………………………. हादसे से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों में 8 की मौत: रायपुर में 4 युवकों ने तोड़ा दम; CAF जवान-रेलवे कर्मचारी के बेटे की भी गई जान छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग सड़क हादसों में 8 युवकों की मौत हो गई। मृतकों में 4 युवक रायपुर के रहने वाले हैं। वहीं 4 युवक सूरजपुर, कोंडागांव और बालोद जिले के हैं। जानकारी के मुताबिक रायपुर में केटरिंग के काम से लौट रहे युवकों की बाइक को छोटा हाथी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की जान चली गई। पढ़ें पूरी खबर…
