अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपनी व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लीविट की जमकर तारीफ की है। पेंसिलवेनिया में भाषण देते हुए ट्रम्प अचानक 28 साल की लीविट की खूबसूरती और आत्मविश्वास की तारीफ करने लगे। ट्रम्प ने रैली में कहा कि हम अपनी सुपरस्टार कैरोलिन को भी लेकर आए हैं। उन्होंने कहा, जब वह टीवी पर आती हैं तो उनका खूबसूरत चेहरा और होंठ रुकते ही नहीं, मशीनगन की तरह चलते हैं। ट्रम्प ने दावा किया कि लीविट बेखौफ काम करती हैं क्योंकि प्रशासन की नीतियां स्पष्ट हैं। उन्होंने विपक्ष की नीतियों पर तंज करते हुए कहा कि लीविट का काम आसान है, इसलिए वे विपक्ष की प्रेस सेक्रेटरी नहीं बनना चाहेंगी। ट्रम्प इससे पहले भी इसी तरह की टिप्पणी अगस्त में एक इंटरव्यू के दौरान कर चुके हैं। उन्होंने कहा था, “उनका चेहरा, उनका दिमाग, उनके होंठ… वे मशीनगन की तरह चलते हैं।” कैरोलीन लीविट 2019 से 2021 तक ट्रम्प प्रशासन में असिस्टेंट प्रेस सेक्रेटरी रह चुकी हैं। न्यू हैम्पशायर की रहने वाली लीविट रियल एस्टेट डेवलपर निकोलस रिक्कियो (60) की पत्नी हैं। उनके एक बेटा निको भी हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… पुतिन ने भारत की विविधता की तारीफ की; बोले- अनेकता में एकता को हमेशा बनाए रखना चाहिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल ही में भारत की यात्रा को याद करते हुए भारत की एकता में विविधता की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी भाषाई और सांस्कृतिक विविधता है, जो उसे दुनिया में एक मजबूत देश बनाती है। पुतिन ने कहा कि भारत में लगभग 1.5 अरब लोग रहते हैं और उनमें से करीब 50–60 करोड़ लोग ही हिंदी बोलते हैं, बाकी कई भाषाएं बोलते हैं और कई बार एक-दूसरे को समझ भी नहीं पाते। इसके बावजूद देश एकजुट है, जो भारत की सबसे बड़ी खूबी है। उन्होंने कहा कि इस अनेकता में एकता को हमेशा बनाए रखना चाहिए। रूसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि भारत का संविधान अलग-अलग क्षेत्रों, भाषाओं और संस्कृतियों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पुतिन पहले भी भारत और भारतीयों की प्रशंसा कर चुके हैं। वह कई बार कह चुके हैं कि भारतीय लोग प्रतिभाशाली और मेहनती होते हैं और आने वाले समय में भारत विकास के उत्कृष्ट नतीजे हासिल करेगा। जापान के होक्काइडो में 5.6 तीव्रता का भूकंप; सुनामी की चेतावनी नहीं जापान के होक्काइडो में 5.6 तीव्रता का भूंकप आया है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक इसका केंद्र 30 किमी की गहराई में था। हालांकि एजेंसी ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। इससे पहले आओमोरी प्रान्त के पास सोमवार को 7.5 तीव्रता का भूंकप आया था। इसके चलते सुनामी की चेतावनी भी जारी करनी पड़ी थी। जापान टाइम्स के मुताबिक इस भूकंप में 30 लोग घायल हो गए थे। इजराइली पीएम नेतन्याहू ने मोदी से फोन पर बात की, दोनों नेताओं ने आतंकवाद की निंदा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का फोन आया। दोनों नेताओं ने भारत–इजराइल रिश्तों की समीक्षा की और पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की। फोन पर बातचीत के दौरान PM मोदी ने गाजा शांति योजना को जल्द लागू करने के लिए भारत के समर्थन को दोहराया। यह योजना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रस्तावित की है, जिसमें इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम का रास्ता तैयार किया गया है। मोदी ने कहा कि भारत हमेशा से बातचीत, कूटनीति और शांतिपूर्ण समाधान का पक्षधर रहा है। दोनों नेताओं ने आतंकवाद की कड़ी निंदा की और कहा कि आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर दोनों देश पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। बातचीत में दोनों देशों ने रक्षा, टेक्नोलॉजी, व्यापार और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। उन्होंने कहा कि भारत–इजराइल रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और दोनों देश इसे आगे और बढ़ाएंगे। बलूचिस्तान में 8 लोगों को जलते कोयलों पर चलने की सजा, चोरी का शक था बलूचिस्तान के मुसखेल जिले में 8 लोगों को नंगे पैर जलते कोयलों पर चलने की सजा दी गई। समा टीवी के मुताबिक एक जिरगा ने दुकान में चोरी के शक में लोगों को सजा सुनाई और उन्हें अपनी बेगुनाही का सबूत देने को कहा। जिरगा अफगानिस्तान और पाकिस्तान के कई इलाकों में चलने वाली एक पुरानी पारंपरिक पंचायत होती है, जहां बुजुर्ग या प्रभावशाली लोग आपस में बैठकर किसी विवाद या मामले का फैसला करते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना सोमवार को हुई। इलाके के लोगों के मुताबिक, एक दुकानदार ने अपनी दुकान में चोरी का आरोप लगाया और इसके बाद उसने जिरगा बुला लिया। जिरगा ने फैसला किया कि सभी संदिग्धों को अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए जलते अंगारों पर चलना होगा। इसे बेहद अमानवीय और पिछड़ी हुई परीक्षा बताया गया है। ह्यूमन राइट्स कमीशन ऑफ पाकिस्तान ने भी इस घटना पर संज्ञान लिया है और कहा है कि 21वीं सदी में भी ऐसी हिंसक और पिछड़ी प्रथाएं होना बहुत चिंता का विषय है। कमीशन ने कहा कि ऐसी घटनाओं से कानून की प्रतिष्ठा कमजोर होती है। नोबेल पीस प्राइज विनर मारिया मचाडो अवॉर्ड सेरेमनी में नहीं पहुंचेंगी, बेटी लेगी सम्मान नोबेल पीस प्राइज विनर और वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरीना मचाडो अवॉर्ड सेरेमनी में शामिल नहीं होंगी। आयोजकों ने बताया कि उनकी जगह यह पुरस्कार उनकी बेटी अना कोरीना मचाडो को दिया जाएगा। मचाडो को 10 अक्टूबर को वेनेजुएला में लोकतंत्र बहाल करने के प्रयासों के लिए नोबेल शांति पुरस्कार के लिए चुना गया था। मारिया कोरीना मचाडो पिछले साल अगस्त से छिपकर रह रही हैं। राष्ट्रपति निकोलस मदुरो के साथ तेज राजनीतिक टकराव के बीच वे सिर्फ एक बार सार्वजनिक रूप से दिखी थीं। वेनेजुएला के अटॉर्नी जनरल ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर मचाडो देश छोड़कर पुरस्कार लेने जाती हैं तो उन्हें फरार माना जाएगा। ओस्लो में बुधवार को समारोह शुरू होने से कुछ घंटे पहले तक यह साफ नहीं था कि मचाडो नॉर्वे पहुंची हैं या नहीं। बाद में नोबेल इंस्टिट्यूट ने पुष्टि की कि वह समारोह में मौजूद नहीं रहेंगी। नोबेल इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर क्रिस्टियन बर्ग हार्पविकेन ने बताया, “उनकी बेटी अना कोरीना पुरस्कार लेगी और वही भाषण पढ़ेंगी, जिसे मारिया कोरीना ने खुद लिखा है।” उन्होंने कहा कि उन्हें भी नहीं पता कि मचाडो इस समय कहां हैं। मचाडो की मां और उनकी तीन बेटियां ओस्लो पहुंच चुकी हैं। अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मीलै समेत कई लैटिन अमेरिकी नेता भी समारोह में मौजूद हैं। हालांकि आयोजकों ने पहले कहा था कि मचाडो आएंगी, लेकिन मंगलवार को विजेता की पारंपरिक प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द होने के बाद से शक बढ़ गया था। मोरक्को के फेज शहर में दो इमारतें ढहीं; अब तक 19 की मौत, 16 से ज्यादा घायल मोरक्को के फेज शहर में बुधवार तड़के दो इमारतें ढह गईं। इस दुर्घटना में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दोनों इमारतें एक-दूसरे से सटी हुई थीं। इनमें आठ परिवार रहते थे। हादसे के बाद पुलिस, दमकल और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं और मलबा हटाने का काम जारी है। अधिकारियों ने बताया कि राहत व बचाव अभियान अभी भी चल रहा है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब मोरक्को में खराब जीवन-स्तर, गरीबी और सार्वजनिक सेवाओं की कमी को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। अमेरिका में इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान कार से टकराया प्लेन, ट्रैफिक में अफरा-तफरी मची अमेरिका के फ्लोरिडा में सोमवार को लैंडिंग के दौरान एक प्लेन कार से टकरा गया। यह हादसा मेरिट आइलैंड के पास हुआ, जहां हाईवे पर एक छोटा विमान इमरजेंसी लैंडिंग करते हुए सीधा एक कार से टकरा गया। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बीचक्राफ्ट 55 मॉडल का यह छोटा प्लेन उड़ान के दौरान अचानक खराब हो गया। दोनों इंजनों में पावर खत्म होने लगी, तो 27 साल के पायलट ने मजबूरन हाईवे पर ही उतारने का फैसला किया। लेकिन हाईवे पर ट्रैफिक था, इसलिए उतरते समय प्लेन एक 2023 मॉडल की टोयोटा कैमरी कार से टकरा गया। कार चला रही 57 साल की महिला को हल्की चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में एडमिट किया गया। प्लेन में बैठा पायलट और उसका दोस्त सुरक्षित हैं। टक्कर के बाद हाईवे पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। हाईवे की उस लेन को पूरी तरह बंद कर दिया गया। कई घंटों तक रास्ता बंद रहा और आखिरकार अगली सुबह करीब 9 बजे हाईवे को दोबारा खोला गया। थाईलैंड-कंबोडिया लड़ाई पर ट्रम्प का दावा- मैं एक फोन करूं तो युद्ध रुक जाएगा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर दावा किया है कि वह दुनिया में चल रहे बड़े-बड़े झगड़ों को आसानी से सुलझा सकते हैं। पेनसिल्वेनिया की एक रैली में उन्होंने कहा कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जो लड़ाई अभी शुरू हुई है, उसे वह सिर्फ एक फोन कॉल से रोक सकते हैं। ट्रम्प ने रैली में कहा- मुझे यह कहना पड़ रहा है कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच फिर लड़ाई शुरू हो गई है। कल शायद मुझे फोन करना पड़ेगा और यह झगड़ा रुक जाएगा। कौन है जो कह सकता है कि मैं फोन करूं और दो बड़े देशों का युद्ध रोक दूं? यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों की सीमा पर पिछले तीन दिनों से हिंसा जारी है। लड़ाई इतनी बढ़ गई है कि लोग अपने घर छोड़कर भागने को मजबूर हो रहे हैं। अब तक करीब 5 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। दरअसल, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच दशकों पुराना सीमा विवाद है। पुराने नक्शों और शिव मंदिरों पर दावा करते हुए अक्सर दोनों देशों के बीच गोलीबारी हो जाती है। पिछले साल जुलाई में भी बड़ी लड़ाई भड़की थी। तब 43 लोगों की मौत हुई थी और तीन लाख से ज्यादा लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े थे। उस समय ट्रम्प ने दोनों देशों पर व्यापार से जुड़े दबाव डालकर उन्हें संघर्ष विराम पर राजी करवाया था। हालांकि थाई विदेश मंत्री ने कहा था कि टैरिफ का डर दिखाकर शांति कराने का तरीका सही नहीं है। जुलाई की हिंसा के बाद मलेशिया और चीन की मदद से दोनों देशों ने एक अस्थायी समझौता किया था। फिर अक्टूबर में कुआलालंपुर में ASEAN समिट के दौरान एक बड़ा शांति समझौता भी हुआ, जिसमें ट्रम्प भी मौजूद थे। बांग्लादेश में चुनाव का ऐलान इसी हफ्ते; जमात और GenZ दोनों गठबंधन के भरोसे बांग्लादेश में पूर्व पीएम शेख हसीना के तख्तापलट के 16 महीनों के बाद अब देश में 13वें राष्ट्रीय चुनाव की औपचारिक घोषणा हो सकती है। चुनाव आयुक्त अब्दुर रहमानेल मसूद के मुताबिक, चुनाव का कार्यक्रम बुधवार या गुरुवार यानी 10 या 11 दिसंबर को घोषित किया जा सकता है। मुख्य चुनाव आयुक्त AMM नासिरुद्दीन का संबोधन बुधवार शाम को बांग्लादेश टेलीविजन पर प्रसारित करने की तैयारी है। उससे पहले बुधवार दोपहर चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारी राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन से मिलकर तैयारियों की जानकारी देंगे। बांग्लादेश में चुनावी ऐलान के बीच सियासी दलों ने भी अभी तैयारियां शुरू कर दी है। पूर्व पीएम शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी प्रतिबंध के चलते चुनाव मैदान से बाहर है। वहीं, मुख्य विपक्षी पार्टी BNP पूर्व पीएम खालिदा जिया के स्वास्थ्य के चलते असमंजस में दिख रही है। वहीं, चुनावों के ताल ठोक रही पार्टियां गठबंधनों से अपनी ताकत बढ़ाने में जुटीं हैं। एक तरफ कट्टरपंथी बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी 7 दलों के साथ मिलकर 300 सीटों पर साझा उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। पिछले साल के छात्र आंदोलन से निकली नेशनल सिटिजन पार्टी ने ‘गोनोतांत्रिक संस्कार जोट’ के नाम से नया मोर्चा खड़ा कर दिया है। जेलेंस्की बोले- देश में चुनाव कराने को तैयार हूं, लेकिन अमेरिका की मदद चाहिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा कि वे देश में चुनाव कराने के लिए तैयार हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प लगातार दबाव बना रहे हैं कि यूक्रेन को युद्ध के बीच भी राष्ट्रीय चुनाव कराना चाहिए। जेलेंस्की ने कहा कि युद्ध के हालात में चुनाव कराना आसान नहीं है, लेकिन अगर संसद अनुमति दे दे और अमेरिका व उसके सहयोगी सुरक्षा उपलब्ध कराएं, तो वे चुनाव कराने को तैयार हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मैं चुनाव के लिए तैयार हूं और मैं खुलकर कह रहा हूं कि मुझे इसमें अमेरिका की मदद चाहिए। जेलेंस्की ने कहा कि अगर सुरक्षा सुनिश्चित हो जाए और संसद मार्शल लॉ के दौरान चुनाव की इजाजत देने वाला कानून पास कर दे, तो 60 से 90 दिनों के भीतर चुनाव संभव हैं। अमेरिका की ओर से अभी यह साफ नहीं किया गया है कि वह यूक्रेन में चुनाव के दौरान सुरक्षा देने में मदद करेगा या नहीं। कुछ दिन पहले ट्रम्प ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अब समय आ गया है कि यूक्रेन चुनाव कराए। उन्होंने कहा था कि यूक्रेन एक लोकतंत्र है, लेकिन जब बहुत लंबे समय तक चुनाव ही नहीं होते तो लोकतंत्र कमजोर पड़ता है। यूक्रेन में आखिरी राष्ट्रपति चुनाव 2019 में हुआ था, जिसमें जेलेंस्की ने 73% वोट पाकर जीत हासिल की थी। ट्रम्प बोले- डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर को देश से निकालो, उसने अमेरिकी नागरिकता के लिए भाई से शादी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को एक रैली में डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर पर तंज किया। उन्होंने कहा कि मुझे ये इल्हान उमर बहुत पसंद है, चाहे उसका नाम कुछ भी हो, छोटी पगड़ी वाली। मुझे उससे प्यार है। वो आती है, बस बदतमीजी करती है। वो हमेशा शिकायत करती रहती है। ट्रम्प ने आगे कहा कि हमें उसे तुरंत अमेरिका से बाहर निकाल देना चाहिए। उसने अंदर आने (अमेरिकी नागरिकता) के लिए अपने भाई से शादी कर ली। ट्रम्प ने यह भी कहा कि उमर जिस देश से आई हैं, वह दुनिया के सबसे खराब देशों में गिना जाता है। उनकी बात पर मौजूद समर्थक जोर-जोर से हूटिंग करने लगे। ट्रम्प ने अपने भाषण में दावा किया कि उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में अफगानिस्तान, हैती, सोमालिया जैसे देशों से माइग्रेशन रोक दिया था। भाषण के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि अफगान मूल के एक व्यक्ति द्वारा वॉशिंगटन D.C. में दो सैनिकों पर गोली चलाने के बाद अफगानिस्तान से वीज़ा प्रोसेसिंग रोक दी गई है। होमलैंड सिक्योरिटी की सेक्रेटरी के मुताबिक अब सरकार 30 से ज्यादा देशों पर ट्रैवल बैन लगाने की तैयारी कर रही है। रैली के अंत में ट्रम्प ने कहा कि अगर कोई इंसान अमेरिका के मूल्यों को नहीं मानता, देश की अर्थव्यवस्था में योगदान नहीं देता और समाज में घुलता-मिलता नहीं है, तो ऐसे लोगों को अमेरिका में रहने की जरूरत नहीं है। ट्रम्प के इन बयानों को लेकर अब फिर से विवाद शुरू हो गया है और कई लोग इसे मुस्लिम और अफ्रीकी समुदाय के खिलाफ बयानबाजी बता रहे हैं। नाइजीरिया में प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग; 9 महिलाओं की मौत और 10 घायल नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी अदामावा राज्य में सोमवार को विरोध कर रहीं महिलाओं पर गोलीबारी में 9 महिलाओं की मौत और 10 घायल हो गए। ये महिलाएं लामुर्डे में सांप्रदायिक झड़पों में सुरक्षाबलों की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन कर रही थीं। गवाहों और पीड़ितों के परिजनों ने बताया कि सैनिकों ने उन्हें हटाने के दौरान गोली चलाई। हालांकि नाइजीरियाई सेना ने इससे इनकार किया और मौतों के लिए एक स्थानीय मिलिशिया को जिम्मेदार बताया। एमनेस्टी इंटरनेशनल नाइजीरिया ऑफिस ने कहा कि संगठन ने गवाहों और पीड़ितों के परिजनों से बात कर 9 महिलाओं की मौत की पुष्टि की है। अमेरिका की केंटकी स्टेट यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी में 1 की मौत और 1 घायल अमेरिका की केंटकी स्टेट यूनिवर्सिटी में मंगलवार को हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। गवर्नर कार्यालय के मुताबिक एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने कहा कि वे कैंपस में हुई घटना पर कार्रवाई कर रहे हैं। गवर्नर एंडी बेशियर ने X पर लिखा कि पुलिस मौके पर है और जैसे ही नई जानकारी मिलेगी, शेयर की जाएगी। उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना की अपील की। —————————— 9 दिसंबर के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें…
