रायपुर के मैग्नेटो मॉल में छत्तीसगढ़ बंद के दौरान जमकर हंगामा और तोड़फोड़ करने वाले बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने तेलीबांधा थाने के सामने चक्काजाम कर दिया है। पुलिस को भी चक्काजाम की जानकारी नहीं थी। केवल जानकारी यह थी कि कार्यकर्ता गिरफ्तारी देने पहुंचेंगे। तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलवा की धारा में FIR दर्ज की और शुक्रवार (26 दिसंबर) देर रात पुलिस और क्राइम ब्रांच ने करीब दर्जन भर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में लिया था। अन्य कार्यकर्ताओं ने आज इसी का विरोध किया है। चिढ़ाने के लिए मॉल में संता की मूर्ति लगाई – बजरंग दल बजरंग दल के जिला संयोजक विजेंद्र वर्मा ने कहा कि मॉल तोड़फोड़ की शिकायत पर जिन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है कांकेर में 800 लोगों ने मिलकर हमारे 25 हिंदू भाइयों को मारा। अगर पुलिस प्रशासन चाहती तो सभी को गिरफ्तार कर लेते। फिर छत्तीसगढ़ बंद नहीं होता और इस तरह की घटना नहीं होती। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बंद का आह्वान किया था, उसके बावजूद बजरंग दल को चिढ़ाने के लिए मॉल वालों ने संता की मूर्ति लगाई थी। इसमें किसी की धार्मिक भावना आहत नहीं हुई है। क्योंकि बाइबल में कही भी सांता का जिक्र नहीं है। हमने मॉल में तोड़फोड़ नहीं की। डेकोरेशन में तोड़फोड़ पर इतनी बड़ी कार्रवाई करना गलत है। जिसका विरोध हम कर रहे है। आज का प्रदर्शन हमारे प्लान का हिस्सा था। जिस थाने में FIR हुआ है हम उस थाने को घेरेंगे। थाने में अतिरिक्त बल मौजूद मौके पर 2 ASP, 4 CSP और दर्जनभर थाना प्रभारी समेत अतिरिक्त बल मौजूद है। मंदिर हसौद और एयरपोर्ट की तरफ से रायपुर शहर की ओर आने वाले ट्रैफिक को तेलीबांधा चौक के पास नेशनल हाईवे की तरफ डायवर्ट किया गया है। अब जानिए 24 दिसंबर को क्या हुआ था क्रिसमस से एक दिन पहले 24 दिसंबर छत्तीसगढ़ बंद के दौरान रायपुर के मैग्नेटो मॉल में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुई। आरोप है कि बजरंग दल के 30-40 कार्यकर्ता लाठी-डंडे लेकर मॉल के अंदर घुसे और लोगों से धर्म और जाति पूछते हुए सामान तोड़ना शुरू कर दिया। इस घटना से मॉल में मौजूद स्टाफ और कर्मचारी दहशत में आ गए थे। मार्केटिंग हेड बोली- धर्म पूछकर तोड़फोड़ की मैग्नेटो मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता ने बताया कि मॉल पूरी तरह बंद था और उन्होंने बंद का समर्थन भी किया था। इसके बावजूद 50 से 100 लोग जबरदस्ती मॉल में घुस आए। उनके हाथों में लाठी, हॉकी स्टिक थे। वे कर्मचारियों और मौजूद लोगों से पूछ रहे थे ‘आप हिंदू हो या क्रिश्चियन?’, आपकी जाति क्या है?’ यहां तक कि आईडी कार्ड और बैच देखकर सवाल किए जा रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले लाखों का नुकसान मार्केटिंग हेड के मुताबिक, वो लोग अग्रेसिव थे, डर था कहीं किसी को मार ना दे। यहां मौजूद कई स्टाफ रोने भी लगे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले काफी चीजें डैमेज हो गई थीं। सब से कास्ट पूछ रहे थे। लग रहा था कि मार ही देंगे। इस तोड़फोड़ में मॉल को करीब 15 से 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि नुकसान से ज्यादा डर का माहौल बना। ऐसा लग रहा था कि हालात और बिगड़ सकते हैं। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कई चीजें तोड़ी जा चुकी थीं। CCTV में कैद हुई घटना, 40 लोगों पर केस दर्ज मैग्नेटो मॉल के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कुछ लोग हाथ में डंडे लेकर मॉल के अंदर घुसते हैं और हंगामा करते हैं। तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने 30 से 40 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 190, 191(2), 324(2) और 331(3) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी। ब्लिंकिट के ऑफिस में घुसकर भी की गुंडागर्दी इससे पहले बंद के दौरान रायपुर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ब्लिंकिट के ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों को लाठी से पीटा था। एक कार्यकर्ता कर्मचारी को मारते हुए CCTV कैमरे में कैद हो गया। अंबुजा मॉल खाली कराया गया मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़ की घटना के बाद विधानसभा रोड स्थित अंबुजा मॉल खाली कराया गया था। पुलिस की मौजूदगी में लोगों को बाहर निकाला गया। शाम के समय आने वाले लोगों को वापस लौटा दिया गया। किसी भी तरह की स्थिति से पहले ही मॉल के बाहर डंडे लेकर सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए गए थे। …………………………. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… छत्तीसगढ़ बंद…रायपुर में मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़: बजरंग दल कार्यकर्ता ने ब्लिंकिट-कर्मी को पीटा, कांकेर में महिला का घर तोड़ा, लाठी-डंडे लेकर निकले हिंदू संगठन कांकेर जिले के आमाबेड़ा में हुई हिंसा और कथित धर्म परिवर्तन के विरोध में कई सामाजिक संगठनों ने आज छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया है। प्रदेशभर में बंद का असर दिखा। रायपुर, दुर्ग और जगदलपुर में स्कूल, दुकानें और कई कॉमर्शियल प्रतिष्ठान सुबह से बंद हैं। वहीं MCB जिले में बंद बेअसर रहा। पढ़ें पूरी खबर…
