धान खरीदी में अव्यवस्था…बालोद विधायकों ने कलेक्टर से की मुलाकात:MLA निषाद ने कहा-घर-घर स्टॉक जांच करना, किसानों का अपमान है, आंदोलन की दी चेतावनी

0
3

बालोद जिले में धान खरीदी के दौरान किसानों को हो रही लगातार परेशानियों और प्रशासनिक सख्ती के विरोध में जिले के तीनों विधायक और कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलेक्टर से मुलाकात की और नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं ने धान खरीदी व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करते हुए किसानों को राहत देने की बात कही। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चन्द्रेश हिरवानी, महिला बाल विकास विभाग की पूर्व मंत्री और डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया, गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद और बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। किसानों के घर जाकर स्टॉक जांच करना निंदनीय – कुंवर सिंह निषाद गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि जिले के किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। सोसायटी केंद्रों में अव्यवस्था फैली हुई है। किसानों का धान अधिक मात्रा में होने के बावजूद टोकन वितरण में जानबूझकर देरी की जा रही है। इसके बाद किसानों के घर-घर जाकर धान का स्टॉक जांच कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर किसानों पर कार्रवाई करना और उन्हें अपराधियों की तरह खड़ा कर फोटो लेना अन्नदाताओं का अपमान है। इससे ग्रामीण समाज में गलत संदेश जा रहा है। यदि यह कार्रवाई जल्द बंद नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। यह है मुख्य मांगें और समस्याएं…….. समय की कमी: धान खरीदी के लिए अब केवल 11 दिन शेष हैं, जबकि जिले के हजारों किसानों का धान अब तक नहीं खरीदा जा सका है। लिमिट बढ़ाने की मांग: खरीदी केंद्रों की निर्धारित सीमा (लिमिट) को तत्काल बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई, ताकि किसान तय समय में अपना धान बेच सकें। प्रशासनिक प्रताड़ना: टोकन वितरण में देरी, अनावश्यक नियमों और प्रशासनिक सख्ती से किसानों को राहत देने की मांग की गई। धान परिवहन रोका जाएगा, आंदोलन करेंगे- चन्द्रेश हिरवानी जिला कांग्रेस अध्यक्ष चन्द्रेश हिरवानी ने बताया कि प्रशासन को लिखित रूप से चेतावनी दी गई है। यदि शीघ्र ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी जिले में धान परिवहन रोकने जैसे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी। इस दौरान पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा, प्रदेश पदाधिकारी कृष्णा दुबे, मिथलेश निरोटी, गुलशन चंद्राकर, भोला देशमुख, राजू प्रभाकर, धनेश्वरी सिन्हा, पीयूष सोनी, रतीराम कोसमा, अंचल साहू, डॉ. किशोर साहू, सादिक अली, नरेंद्र सिन्हा, कुलदीप नौम्हारे, देवेंद्र साहू, कमलेश श्रीवास्तव, मोनू ठाकुर, यशवंत पुरी गोस्वामी, संदीप साहू, वैभव साहू, जमील बॉक्स, जितेंद्र यादव, भूषण साहू, तुल्लेस सिन्हा, हिमांशु सागर साहू सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here