सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने तेजी से बदलती तकनीक और आज के दौर में सीखने की चुनौती को लेकर खुलकर बात की है। अपने हालिया ब्लॉग पोस्ट में बिग बी ने स्वीकार किया कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि कई चीजें उन्होंने समय रहते नहीं सीखीं। खासतौर पर वे चीजें जो उनके दौर में मौजूद ही नहीं थीं। अमिताभ बच्चन ने लिखा- “हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है, लेकिन अफसोस इस बात का है कि जो सीखना जरूरी था, वह सालों पहले सीख लिया जाना चाहिए था।” उन्होंने कहा कि आज आविष्कारों और नई प्रणालियों की रफ्तार इतनी तेज है कि जब तक कोई उसे सीखना शुरू करता है, तब तक वक्त आगे निकल चुका होता है। उम्र के साथ सीखने की इच्छा, ऊर्जा और प्रयास भी धीरे-धीरे कम हो जाते हैं। अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए बिग बी ने बताया कि हालिया मीटिंग्स से उन्हें यह सीख मिली कि किसी भी काम की बुनियादी समझ रखना जरूरी है और उसके बाद उस काम को युवा, योग्य और एक्सपर्ट टैलेंट को सौंप देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी काम को लेकर आप पूरी तरह योग्य नहीं भी हैं, तो इसमें कोई समस्या नहीं है। उसे स्वीकार करें, विशेषज्ञों को हायर करें और काम पूरा करवाएं। अमिताभ ने पुराने और नए दौर की तुलना करते हुए कहा कि पहले अगर किसी को कोई काम नहीं आता था तो वह या तो उसे कर ही नहीं पाता था या फिर पछतावा रह जाता था। लेकिन आज के समय में आउटसोर्सिंग के जरिए काम आसानी से पूरा किया जा सकता है, जो उनके लिए एक बड़ी राहत है। बता दें कि बीते साल बिग बी ने अपने ब्लॉग में बढ़ती उम्र की चुनौतियों पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि कैसे आसान से काम को करने के लिए ज्यादा कोशिश करनी पड़ती है। उन्होंने लिखा था- ‘पहले मुझे लगता था कि पुरानी आदतें आसानी से दोबारा शुरू की जा सकती हैं, लेकिन अब समझ आया है कि एक दिन का भी ब्रेक लंबे समय तक असर डाल देता है।बस एक दिन का गैप और दर्द और मोबिलिटी बहुत लंबी सैर पर निकल जाती है। यह आश्चर्य की बात है कि पहले वो नॉर्मल एक्शन थे लेकिन अब उन्हें करने से पहले दिमाग को सोचना पड़ता है..साधारण काम…पैंट पहनना… डॉक्टर सलाह देते हैं कि प्लीज मिस्टर बच्चन, बैठ जाइए और उन्हें पहन लीजिए। उन्हें पहनते समय खड़े होने की कोशिश मत कीजिए, आप संतुलन खो सकते हैं और गिर सकते हैं।’ वर्क फ्रंट की बात करें तो हाल ही में एक्टर का शो कौन बनेगा करोड़पति सीजन 17 खत्म हुआ है। इसके अलावा उन्हें आखिरी बार तमिल एक्शन ड्रामा फिल्म ‘वेट्टैयन’ में देखा गया था, जिसमें रजनीकांत, फहाद फासिल, राणा दग्गुबाती और मंजू वारियर जैसे सितारे भी शामिल थे।
