छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा के सामरी इलाके में ओरसा पाठ घाट के पास स्कूल बस बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और दर्जनभर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही झारखंड और सामरी पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को झारखंड के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। यह हादसा झारखंड के महुआडांड थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर के पिपरसोत के कुछ ग्रामीण झारखंड के लोध फाल घूमने के लिए ज्ञान गंगा स्कूल की बस में सवार होकर महुआडांड जा रहे थे। रास्ते में सामरी के ओरसा घाट के पास बस बेकाबू हो गई और तेज रफ्तार में पीडब्ल्यूडी के रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पलटकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दर्जनभर सवार गंभीर, पांच की मौत हादसे की सूचना पर झारखण्ड राज्य के महुआडांड थाना प्रभारी मनोज कुमार और सामरी के थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। बस में 86 ग्रामीण सवार थे। गंभीर रूप से घायलों को महुआडांड स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अमित के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मी पूरी तरह अलर्ट पर हैं। हादसे में मौतों को लेकर अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। अब तक पांच ग्रामीणों के मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में चार महिलाएं एवं एक पुरूष सवार शामिल हैं। वहीं हॉस्पिटल पहुंचने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। छत्तीसगढ़ में भी स्वास्थ्य अमले को अलर्ट कर दिया गया है। घायलों में 60 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एवं 27 को कार्मेल हॉस्पिटल में दाखिल किया गया है। गंभीर रूप से घायलों को रेफर किया जा रहा है। घटना की सूचना पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
