कौन है दुनिया की सबसे मजबूत टी-20 टीम:3 के नाम 2-2 वर्ल्ड कप, भारत ने 67% मैच जीते; 46 बार 200+ स्कोर भी बनाए

0
4

टी-20 वर्ल्ड कप का 10वां एडिशन 7 फरवरी से शुरू होगा। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ ग्रुप मैच खेलने से मना कर दिया। इसके पीछे राजनीतिक कारण हो सकता है, लेकिन एक वजह यह भी हो सकती है कि टीम फिर एक बार वर्ल्ड चैंपियन भारत से हारना न चाहती हो। टीम इंडिया टी-20 की सबसे मजबूत टीमों में शामिल है और पाकिस्तान को वर्ल्ड कप में 15 बार हरा भी चुकी है। भारत ने इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की तरह 2-2 टाइटल जीते हैं, इतना ही नहीं टीम के नाम इतिहास में सबसे ज्यादा 46 बार 200 से ज्यादा का स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी है। टी-20 की सबसे मजबूत टीम निकालने के लिए हमने 8 पैरामीटर बनाए, एक-एक कर उनका एनालिसिस करते हैं और जानते हैं कि आखिर सबसे मजबूत टीम कौन सी है? पैरामीटर-1: टी-20 वर्ल्ड कप टाइटल टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 2007 में हुई। 2010 से टूर्नामेंट लगभग हर 2 साल में होते आ रहा है। अब तक 9 बार खेले गए सबसे छोटे फॉर्मेट के वर्ल्ड कप को 3 टीमों ने 2-2 बार जीता। इनमें वेस्टइंडीज के अलावा इंग्लैंड और भारत भी शामिल है। टीम इंडिया डिफेंडिंग चैंपियन भी है, टीम ने 2024 में साउथ अफ्रीका को फाइनल हराकर अपना दूसरा टाइटल जीता था। टाइटल जीतने वालीं 6 टीमों में वेस्टइंडीज इकलौती टीम है जिसने एक भी फाइनल नहीं गंवाया। भारत और इंग्लैंड 1-1 बार रनर-अप रह चुके हैं। जबकि पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें 2-2 बार फाइनल हार चुकी हैं। ऐसे में इस पैरामीटर में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और भारत तीनों संयुक्त रूप से नंबर-1 हैं। वहीं पाकिस्तान और श्रीलंका नंबर-2 पर हैं। पैरामीटर-2: वर्ल्ड कप में बेस्ट विनिंग% 9 टी-20 वर्ल्ड कप में टॉप-8 में शामिल हर टीम ने 45 से 55 मैच खेले। इनमें बेस्ट विनिंग परसेंटेज टीम इंडिया का ही है। भारत ने 52 में से 35 मुकाबले जीते, यानी विनिंग परसेंटेज 67% का रहा। टीम इंडिया के अलावा साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की टीमें ही अपना विनिंग रेट 63% से ज्यादा रख पाई हैं। इस पैरामीटर में टीम इंडिया सीधे तौर नंबर-1 है। पैरामीटर-3: T20I में बेस्ट विनिंग% वर्ल्ड कप की तरह टीम इंडिया ने सभी टी-20 इंटरनेशनल में भी अपना दबदबा बनाए रखा है। सभी टॉप टीमों ने 200 से ज्यादा टी-20 खेले। इनमें टीम इंडिया ही इकलौती टीम है, जिसका विनिंग रेट 60% से ज्यादा है। भारत ने 268 में से 67% मुकाबले जीते। दुनिया की बाकी टीमों में पाकिस्तान दूसरे और ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर हैं। पैरामीटर-4: विदेश में बेस्ट विनिंग% क्रिकेट के मैदान पर कई बार अपने होमग्राउंड से बाहर जाकर मैच जीतना मुश्किल होता है, लेकिन टीम इंडिया यहां भी टॉप पर है। भारत न सिर्फ नंबर-1 है, बल्कि टीम ने 165 में से रिकॉर्ड 66% मुकाबले भी जीते हैं। दूसरे और तीसरे नंबर पर मौजूद पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका की टीमें 55-55 परसेंटेज मैच ही जीत पाई हैं। पैरामीटर-5: होमग्राउंड पर बेस्ट विनिंग% होमग्राउंड पर क्रिकेट मैच जीतना विदेश के मुकाबले आसान रहता है, लेकिन टी-20 के नए दौर में यह कह पाना मुश्किल है। इस बार का वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका में होना है। होमग्राउंड पर भी सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम इंडिया ही है। भारत ने 103 में से 70 में जीत हासिल की है। यानी विनिंग रेट करीब 68% रहा। पाकिस्तान इस मामले में भारत के बेहद करीब है, लेकिन दोनों के बीच फिर भी 0.10% का अंतर है। मामूली अंतर से ही सही, लेकिन पाकिस्तान यहां भी भारत से पीछे है। पैरामीटर-6: सबसे ज्यादा 200+ स्कोर क्रिकेट आमतौर पर बैट और बॉल के संतुलन का खेल होना चाहिए, लेकिन टी-20 मॉडर्न डे गेम है और यहां बल्लेबाज बहुत हद तक हावी हो चले हैं। यहां लगातार छक्के मारना और बड़ा स्कोर बनाना मजबूत टीम का मापदंड बन गया है। टी-20 में सबसे ज्यादा 200 से ज्यादा का स्कोर बनाने में भी टीम इंडिया ही आगे है। भारत ने 46 बार 200 से ज्यादा के स्कोर बनाए हैं, इतना ही नहीं टीम 4 बार 250 प्लस का स्कोर भी पार कर चुकी है। दुनिया की बाकी कोई टीम 30 बार भी 200 प्लस का स्कोर नहीं बना सकी। दूसरे नंबर पर मौजूद न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका ने 28-28 बार ऐसा किया है। वहीं वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीमें 2-2 बार ही 250 प्लस का स्कोर पार कर पाई हैं। पैरामीटर-7: सबसे ज्यादा 200+ स्कोर चेज क्रिकेट में पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाना कई बार आसान होता है, क्योंकि स्कोरबोर्ड का प्रेशर नहीं होता। दूसरी पारी में बड़े स्कोर का पीछा करना मुश्किल होता है, लेकिन इस पैरामीटर में भी टीम इंडिया सबसे आगे है। भारत के सामने 16 बार टीमों ने 200 प्लस का टारगेट रखा। भारत ने इनमें 10 बार 200 प्लस का स्कोर बनाया और रिकॉर्ड 8 बार जीत भी हासिल की। भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 7 और साउथ अफ्रीका ने 6 बार 200 प्लस का टारगेट सफलतापूर्वक चेज किया है। पैरामीटर-8: सबसे ज्यादा टी-20 सेंचुरी टी-20 क्रिकेट बल्लेबाजों का खेल बन चुका है। यहां बैटर्स के लिए शतक बनाना आसान हो चला है और हर दूसरे-तीसरे मुकाबले में कोई न कोई बैटर सेंचुरी लगा ही देता है। हालांकि, इस पैरामीटर में भी टीम इंडिया के बैटर्स बाकी टीमों से बहुत आगे हैं। भारत की ओर से अब तक 25 टी-20 इंटरनेशनल सेंचुरी लग चुकी हैं। जबकी दूसरे नंबर पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बैटर्स 13-13 शतक ही लगा सके। हालांकि, वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 2-2 सेंचुरी इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के प्लेयर्स ने लगाई हैं। भारत और साउथ अफ्रीका के प्लेयर्स 1-1 शतक ही लगा सके। सभी पैरामीटर में टॉप पर भारत टी-20 क्रिकेट के 8 पैरामीटर में से 7 में टीम इंडिया ही टॉप पर है। वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने में जरूर भारत को इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने चैलेंज किया है। अगर टीम इंडिया इस बार का ICC टूर्नामेंट जीत लेती है तो इस पैरामीटर में भी टॉप पर पहुंच जाएगी। इसी के साथ भारत के पास हर पैरामीटर में दुनिया की सबसे मजबूत टी-20 टीम होने का तमगा भी लग जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here