बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने कहा कि आज रेप जैसे जघन्य अपराधों को भी लोग सामान्य खबरों की तरह लेने लगे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। तापसी ने कहा- रेप केस में 10 साल का लड़का गुनहगार हो तो इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं। बच्चे गलत दिशा में गए हैं तो हम कुछ तो गलत कर रहे हैं। इसे बदलने की जरूरत है। तापसी मंगलवार को अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अस्सी’ के प्रमोशन के सिलसिले में जयपुर आईं। उन्होंने जवाहर सर्किल स्थित ईपी मिराज सिनेमा में समाज में बढ़ते यौन अपराध, बच्चों की परवरिश और अपराध पर सामान्य सोच जैसे गंभीर मुद्दों पर मीडिया से खुलकर बातचीत की। उन्होंने कहा- देश में हर दिन करीब 80 रेप केस सामने आ रहे हैं। समाज को इस पर पर्सनल होकर सोचने की जरूरत है। रेप को चोरी की तरह सामान्य घटना मान रहे तापसी पन्नू ने कहा- मैं दिल्ली से हूं। रेप को लेकर रोज इतना कुछ पढ़ने को मिलता है, जिसे पढ़-पढ़कर लोगों ने रेप को नॉर्मलाइज की तरह मान लिया है। चोरी की घटनाओं की तरह इसे देखने लगे हैं। रेप के रोज इतने केस होने लगे हैं। प्रतिदिन रेप के लगभग 80 केस देश में आ रहे हैं। मुझे यह चीज देखकर बहुत गुस्सा आता है कि यह ज्यादा हो रहा है। डबल धक्का लगता है जब 10 साल के बच्चे रेप करते हैं एक्ट्रेस ने कहा- मैंने कुछ दिन पहले 6 साल की बच्ची के साथ रेप की घटना सुनी। पता चला कि यह करने वाले 10 से 13 साल के बच्चे थे। इस घटना से डबल धक्का लगता है। हम कुछ तो गलत कर रहे हैं। इस फिल्म (अस्सी) को इस तरह से मत देखिए, जिसमें आप रेप करने वाले के बारे पता करना चाह रहे हो। इसे इस तरह से देखना कि यह क्यों हो रहा है? ऑडियंस को यह फिल्म देखते समय जज बनना होगा। आप लोगों को जजमेंट देना होगा कि आपको क्या लगा? आपका क्या जस्टिस होगा? यह अलग तरह की फिल्म है। हम बच्चों को बड़ा करने में गलती कर रहे तापसी पन्नू ने कहा- बच्चों को गलत तरीके से बड़ा कर रहे हैं। हम सभी को इस पर ध्यान देना होगा। कहीं न कही तो इसका असर गलत पड़ रहा है। रेप केस में 10 साल का लड़का गुनहगार हो तो इसके पीछे क्या कारण हो सकता है। हम सभी को घर से शुरुआत करनी होगी। अपने घर के लड़कों से इसे शुरू करना होगा। उन्हें सिखाना पड़ेगा कि तुम्हें क्या आइडोलॉजी पालनी चाहिए। किस तरह से समाज में रहो, ताकि कोई दूसरा भी ऐसा गलत काम नहीं कर पाए। ऐसा बनना होगा कि समाज में ऐसा काम किसी को भी नहीं करने देंगे। एक टेक में पूरा किया आखिरी सीन तापसी ने कहा- इस फिल्म का जो आखिरी सीन है, वह मेरे लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा है। एक टेक में कंप्लीट किया है। अनुभव सिन्हा सर ने मुझे यह चैलेंज दिया था। यह डेढ़ पेज का डायलॉग था और कहा था कि इसे एक टेक में कंप्लीट कर देना। हमारा समय खत्म हो गया है। उनका मुझ पर कॉन्फिडेंस था, लेकिन यह फिल्म का सबसे चुनौतीपूर्ण दृश्य था। ऐसे में इसे करते वक्त मुझ पर बड़ा प्रेशर हो गया था। फिल्म देखेंगे तो आपको बेहद इमोशनल कर देगा। कई डायरेक्टर के साथ दोबारा काम करना मेरा नेपोटिज्म डायरेक्टर अनुभव सिन्हा के साथ काम करने को लेकर तापसी ने कहा- यह मेरा नेपोटिज्म है। मेरी फिल्मोग्राफी अगर किसी ने देखी है तो उसे पता चलेगा कि मैंने काफी बार एक डायरेक्टर के साथ दोबारा काम किया है। चाहे डेविड धवन हों, अनुराग कश्यप हों या अनुभव सिन्हा। मेरे करियर में डायरेक्टर को रिपीट होते हुए देखेंगे। मैं तो यह मानती हूं कि रिपोर्ट कार्ड अच्छी होगी, इसलिए फिर से फिल्में मिल जाती हैं। वरना कौन दोबारा साथ काम करना चाहता है। तापसी ने कहा- इतनी बड़ी इंडस्ट्री है। मैं इसमें लकी हूं कि इस तरह के डायरेक्टर मुझे फिर से साथ जोड़ लेते हैं। अनुभव सर की जो फिल्म होती है, उसे आज से 10-20 साल बाद भी आप लोग देखेंगे तो यह बेहतरीन लगेगी। ऐसी फिल्में मेरे पास हैं, जिन्हें कई साल बाद भी लोग दोबारा देखना पसंद करेंगे। फिल्म ‘अस्सी’ 20 फरवरी को रिलीज होगी। यह फिल्म दर्शकों की सोच को झकझोरने का काम करेगी। पैसे देकर पॉजिटिव न्यूज चलाने का चलन बढ़ा, मुझमें इतनी हिम्मत नहीं तापसी ने पेड पीआर पर कहा- पिछले दो साल में यह चीज मेरे सामने आई है। पीआर के लिए सभी एजेंसी को रुपए देते हैं, ताकि वे मीडिया से कनेक्ट करवा सकें। यह चीज देखकर हैरान हुई कि रुपए देकर गलत न्यूज या पॉजिटिव न्यूज फीड कीजिए, ताकि हमें वह बढ़ा सकें। इसके अलावा दूसरे की नेगेटिव न्यूज चलाइए। यह पिछले कुछ समय से ही देखने को मिला है, पहले ऐसा नहीं होता था। मेरे पास इतना इन्वेस्ट करने की हिम्मत नहीं है। वह एनर्जी मैं अपनी फिल्मों को करने में लगा दूंगी। प्रमोशन के दौरान ईपी मिराज नॉर्थ के जनरल मैनेजर अरुण टांक ने तापसी का स्वागत किया।
