बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान आज मुंबई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी समारोह के तहत आयोजित व्याख्यानमाला कार्यक्रम में पहुंचे। यह कार्यक्रम संघ की 100 साल की यात्रा और भविष्य की सोच पर आधारित है। सलमान ने नेहरू सेंटर ऑडिटोरियम में आयोजित इस “100 Years of Sangh Journey: New Horizons” कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। उन्होंने डार्क ब्लू शर्ट और कूल लुक में मीडिया कैमरों के सामने एंट्री दी, जिसे वहां मौजूद लोगों ने खूब नोटिस किया। कार्यक्रम के पहले सत्र में RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने संघ की 100 साल पुरानी यात्रा, उसकी भूमिका और संगठन के विचारों पर विस्तार से बोलते हुए कहा कि संघ का काम “देश और समाज के विकास के लिए समर्पित है, न कि किसी के खिलाफ।” इस व्याख्यानमाला के लिए संघ द्वारा कुल 1208 अतिथियों को आमंत्रण भेजा गया, जिनमें से लगभग 850 से अधिक गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह में कई अन्य नामी हस्तियों को भी बुलाया गया है, जिसमें फिल्म निर्माता सुभाष घई और गीतकार, कवि व लेखक प्रसून जोशी भी मौजूद रहे। RSS के 2-दिन के इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता, विचारक और आम जनता के लोग शामिल हैं। यह आयोजन संघ की शताब्दी वर्ष की खास गतिविधियों में से एक है, जिसका उद्देश्य संगठन की सोच, इतिहास और भविष्य के एजेंडे पर व्यापक चर्चा करना है।
