महाशिवरात्रि पर बच्ची की कब्र से छेड़छाड़, तंत्र-मंत्र की आशंका:सिर गायब, कब्र के पास मिला नींबू-चावल और कच्चे मांस का टुकड़ा; FIR दर्ज

0
2

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में महाशिवरात्रि की रात शमशान घाट पर अज्ञात तांत्रिक ने तंत्र-मंत्र कर मासूम की कब्र खोदकर उसका सिर का कंकाल निकाल लिया। अगले दिन सुबह जब ग्रामीणों ने कब्र की हालत देखी, तो गांव में तनाव फैल गया। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम माहुद-बी का है। दरअसल 3 महीने पहले बच्ची की किसी बीमारी से मौत हो गई थी। जिसके बाद शव गांव के शमशान घाट में दफनाया गया था। 15 फरवरी की सुबह बच्ची की कब्र के पास मांस का टुकड़ा मिला। आसपास तांत्रिक सामग्री बिखरी हुई थी। पुलिस की मौजूदगी में परीक्षण के लिए दोबारा शव खोदकर निकाला गया है। मामले में जांच जारी है। पहले देखिए ये तस्वीरें अब जानिए पूरा मामला दरअसल, घटना गुंडरदेही थाना क्षेत्र की हल्दी चौकी अंतर्गत ग्राम माहुद-बी की है। रविवार (15 फरवरी) सुबह करीब 11 बजे गांव का एक किसान शमशान घाट की ओर से अपने खेत जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर मासूम की कब्र पर पड़ी। कब्र के पास दिया, चावल और झिल्ली में रखा मांस का टुकड़ा सहित तांत्रिक सामग्री बिखरी हुई थी। इसके बाद तत्काल मासूम के परिजनों को सूचना दी गई। कब्र खोदकर सिर निकाला, फिर दोबारा मिट्टी से ढंक दिया घटना की जानकारी मिलते ही माहुद (बी) निवासी जितेंद्र साहू मौके पर पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि यह कब्र उनकी बेटी प्रिया साहू (लाडो) की है। 9 अक्टूबर 2025 को तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई थी। परिवार अभी इस सदमे से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि अब बेटी की कब्र से छेड़छाड़ की घटना सामने आ गई। जितेंद्र साहू के अनुसार, कब्र से सिर का कंकाल गायब है। आशंका है कि किसी अज्ञात तांत्रिक ने रात में कब्र की खुदाई कर सिर निकाल लिया और बाद में दोबारा मिट्टी डालकर कब्र को ढंक दिया। SDM की अनुमति के बाद खुदाई परिजनों और ग्रामीणों की शिकायत के बाद गुंडरदेही के एसडीएम ने धारा 505 के तहत कब्र की खुदाई की अनुमति दी। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे वीडियोग्राफी के बीच खुदाई कराई गई। लगभग चार फीट नीचे मासूम प्रिया का शव मिला, लेकिन परिजनों का दावा है कि शव से सिर गायब है। इसके बाद पुलिस ने शाम को शव को परीक्षण के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेज दिया। हल्दी चौकी में FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी हल्दी चौकी प्रभारी नंद कुमार साहू ने बताया कि प्रथम दृष्टया महाशिवरात्रि की रात तंत्र-मंत्र क्रिया होने की आशंका है। देर रात अज्ञात तांत्रिकों द्वारा कब्र खोदकर मासूम का सिर निकाल ले जाने की बात सामने आई है। मामले में बीएनएस की धारा 301 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। शव को परीक्षण के लिए राजनांदगांव भेजा जा रहा है। वहीं एएसपी मोनिका ठाकुर ने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। 9 माह पहले पड़ोसी गांव में बैगा की हुई थी हत्या इसी तरह की घटना 9 माह पहले पड़ोसी गांव सिर्राभाठा में सामने आई थी, जहां तंत्र विद्या के चलते बैगा पुनीत राम गोंड़ की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मौके पर उस समय भी तंत्र क्रिया से जुड़ी सामग्री बिखरी मिली थी। उस मामले में पांच आरोपी वर्तमान में जेल में हैं। घटना पूरी तरह शांत भी नहीं हुई थी कि अब पास के गांव में फिर तंत्र-मंत्र से जुड़ा नया मामला सामने आ गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। ………………………. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें उपसरपंच बोले- तांत्रिक ने बैगा को नहलाया, फिर गला रेता:बालोद में बलि देने का जिक्र, कमरे में नींबू, सिंदूर और भाला मिला छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तंत्र-मंत्र कर हत्या का मामला सामने आया है। गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम सिर्राभाठा में तांत्रिक और घरवालों ने मिलकर गांव के बैगा को मौत के घाट उतार दिया। गांव के उप सरपंच खेमराज सिन्हा ने बताया कि हत्या से पहले बैगा को नहला कर पूजा रूम में लाया गया। गला रेतने से पहले कच्चा चावल भी खिलाया गया है। फिर बैगा की बलि दी गई। पढ़ें पूरी खबर….

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here