भारत ने पाकिस्तान को हराया, छत्तीसगढ़ में जश्न,आतिशबाजी:रायपुर में भक्तिमय गीतों पर झूमे फैंस, लहराया तिरंगा, दुर्ग-दंतेवाड़ा में लगे ‘भारत माता’ के जयकारे

0
1

टी-20 वर्ल्डकप के सबसे बड़े मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। रोमांच से भरे इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक ने उसमान तारीक को बोल्ड कर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई। इस दमदार जीत के साथ भारत ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी। भारत की जीत के बाद देर रात तक देशभर में जश्न का माहौल रहा। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में आतिशबाजी की गई। रायपुर के जयस्तंभ चौक पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी जुटे। ढोल-नगाड़ों की थाप, तिरंगा लहराते युवा और देशभक्ति गीतों पर झूमते फैंस ने माहौल को पूरी तरह उत्सव में बदल दिया। देखिए जश्न की तस्वीरें… दुर्ग के गांधी चौक पर प्रोजेक्टर के जरिए सामूहिक रूप से मैच देखा गया। जैसे ही भारत की जीत पक्की हुई, पूरा चौक तालियों और जयकारों से गूंज उठा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जमकर आतिशबाजी की। तिरंगा हाथ में लेकर युवा ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए सड़कों पर निकल पड़े। जगदलपुर और दंतेवाड़ा में भी देर रात तक जश्न जारी रहा। यहां भी फटाखों की गूंज और भारत माता के जयकारों से पूरा इलाका देशभक्ति के रंग में रंग गया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी इस उत्सव में शामिल हुए और भारत की शानदार जीत का जश्न मनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here