बलरामपुर जिले के हंसपुर गांव में कुसमी SDM और नायब तहसीलदार पर तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट का आरोप लगा है। इस घटना में घायल एक ग्रामीण की इलाज के दौरान कुसमी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। यह घटना कुसमी थाना क्षेत्र की है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया था। पुलिस जांच में प्रत्यक्षदर्शी साक्षियों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर 4 आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। SDM करूण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी नायब तहसीलदार के खिलाफ FIR नहीं हुई है। बताया गया है कि नायब तहसीलदार पारस शर्मा SDM के साथ जांच के दौरान मौजूद थे, लेकिन मारपीट में शामिल नहीं थे। कांग्रेस ने इस मामले पर कहा कि ये जंगलराज की पराकाष्ठा है, सरकार है या खनन माफिया का साम्राज्य? जिन अधिकारियों का काम अवैध उत्खनन रोकना था, वे ही तस्करों को संरक्षण देने के लिए आम जनता की हत्या कर रहे हैं। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि बलरामपुर में बॉक्साइट खनन के नाम पर खेत की सिंचाई कर लौट रहे ग्रामीणों को प्रशासनिक अधिकारियों ने पीटा। प्रशासन हिंसा और दबाव के जरिए प्रदेश को नियंत्रित कर रहा है। गरीब और आदिवासियों पर लगातार हमले हो रहे हैं। बता दें कि राजस्व टीम हंसपुर में देर रात बक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच के लिए पहुंची थी। घायलों ने बताया कि वे गेहूं के खेत में सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी उन्हें रोका गया और पीटा गया। विरोध में कुसमी में आदिवासी समाज और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। मामले में बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने कहा कि आरोपियों को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया गया। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भी बयान सामने आया है, उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। जो भी दोषी होगा, सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। देखिए पहले ये तस्वीरें- जानिए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के मुताबिक, कुसमी एसडीएम करूण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा राजस्व टीम के साथ रविवार देर शाम हंसपुर पहुंचे थे। टीम वहां बॉक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच कर रही थी। रात में 9 बजे हंसपुर के 3 ग्रामीण सरना के पास टीम को मिले। आरोप है कि एसडीएम, नायब तहसीलदार और उनके साथ मौजूद युवकों ने तीनों ग्रामीणों को लाठी और लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद तीनों को गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया गया। रास्ते में एक ग्रामीण की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। अस्पताल में एक की मौत, दो घायल रास्ते में एक ग्रामीण के बेहोश होने के बाद टीम तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लेकर पहुंची। इलाज के दौरान राम नरेश राम (60) की मौत हो गई। घायलों में अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) शामिल हैं। घायल बोले- खेत से लौटते समय रोका गया घायल आकाश अगरिया और अजीत उरांव ने बताया कि वे गेहूं के खेत में पानी डालने गए थे। रात करीब 9 बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एसडीएम की गाड़ी और एक अन्य वाहन में सवार 6 से 7 लोगों ने सरना के पास उन्हें रोका और पूछताछ की। इसके बाद लाठी और लात से उनकी पिटाई कर दी गई। घायलों के मुताबिक, उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया जा रहा था। रास्ते में राम नरेश राम बेहोश हो गया, जिसके बाद तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। अवैध बक्साइट उत्खनन से जुड़ा मामला बताया गया है कि ग्राम हंसपुर में अवैध बक्साइट उत्खनन किया जा रहा था। ग्रामीणों ने एक बक्साइट लोड ट्रक पकड़ लिया था, जिसके बाद ब्लैकमेलिंग की बात सामने आई। इसी सूचना पर एसडीएम और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे थे। बलरामपुर एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी भी जांच के लिए कुसमी गए थे। जानकारी के अनुसार, अधिकारी सुरक्षाकर्मियों के बिना ही स्थानीय युवकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। बाहर के डॉक्टरों ने किया पोस्टमॉर्टम मृत ग्रामीण के शव का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों की टीम के द्वारा कराया गया। इसमें कुसमी के डॉक्टर शामिल नहीं थे। अंबिकापुर से फोरेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत कुसमी पहुंचे थे। उनकी मौजूदगी में ग्रामीण के शव का पंचनामा किया गया। परिजनों और सर्व आदिवासी समाज ने बाहर के डॉक्टरों की टीम से पोस्टमॉर्टम कराने की मांग रखी थी, जिसके मद्देनजर पोस्टमॉर्टम के लिए बाहर के डॉक्टरों को बुलाया गया था। ……………………….. क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… कोर्ट कर्मचारी को जमीन में लेटाकर लात-घुसों से पीटा..VIDEO: गरियाबंद कोर्ट के फैसले के खिलाफ था परिवार; मोबाइल और बैग छीनकर दस्तावेज फाड़े गरियाबंद जिले में कोर्ट के कर्मचारी को जमीन में लेटाकर बेरहमी से पिटाई की गई। ग्राम मूढगेलमाल माहुलपारा में कोर्ट के आदेश पर कर्मचारी रामराव सोलंके जमीन का कब्जा दिलाने गए थे। इसी दौरान 8 से 10 लोगों ने उनसे मारपीट की। पढ़ें पूरी खबर…
