बिलासपुर में फ्रिज ब्लास्ट…जिंदा जली बुजुर्ग महिला,VIDEO:बाहर निकलने का नहीं मिला मौका; फ्रिज मेंटेनेंस को लेकर इन बातों का रखें ध्यान

0
6

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार देर रात फ्रिज में ब्लास्ट होने से मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला जिंदा जल गई। महिला को घर से बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग महिला का नाम जया अग्रवाल (57) है, जो लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे रहती थीं। कुछ दिनों पहले ही उसके भाई की मौत हुई थी। फ्रिज में ब्लास्ट होते ही पूरा इलाका दहल उठा। धमाके की आवाज सुनकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। आसपास के लोगों ने घर में लगी आग बुझाने की कोशिश भी की। इसके बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक अंदर मौजूद बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवाया गया है। पढ़िए कि किन कारणों से फ्रिज में ब्लास्ट हो सकता है और फ्रिज इस्तेमाल के दौरान किस तरह की सावधानियां बरतनी जरूरी है। देखिए पहले घटना से जुड़ी ये 4 तस्वीरें- पढ़िए सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम… दरअसल, जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ लिंगियाडीह स्थित सांई मंदिर के पीछे रहती थी, उनका परिवार बेंगलुरु में रहता है। रविवार देर रात अचानक फ्रिज में ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि गली के एक मकान में आग लगी हुई है। स्थानीय लोगों ने पार्षद दिलीप पाटिल की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। साथ ही पुलिस और दमकल टीम को भी घटना की सूचना दी गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब मकान में आग लगी हुई थी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद घर के अंदर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बुजुर्ग महिला बुरी तरह झुलसी हालत में मिली। महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भेज दिया। पूछताछ में लोगों ने बताया कि अचानक तेज ब्लास्ट की आवाज आई थी। शुरुआत में लोगों को लगा कि गैस सिलेंडर फटने से आग लगी है, लेकिन जांच के दौरान सामने आया कि हादसा फ्रिज ब्लास्ट होने से हुआ। मुंहबोले भाई के साथ रहती थी महिला वार्ड पार्षद दिलीप पाटिल ने बताया कि लिंगियाडीह में जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थी। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। फ्रिज में ब्लास्ट के बाद आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई। आशंका है कि महिला आग की लपटों में घिर गई होगी, इसलिए बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। कुछ दिन पहले ही वकील भाई की हुई थी मौत जांच में यह भी सामने आया कि महिला के मुंहबोले भाई की कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया था। बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे बेंगलुरु ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार में अभी क्रियाकर्म चल ही रहा था कि इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस मामले में टीआई प्रदीप आर्य ने बताया कि लिंगियाडीह स्थित सांई मंदिर के पीछे एक मकान में ब्लॉस्ट होने की जानकारी मिली थी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, स्थानीय और दमकल टीम के साथ आग पर काबू पाया। तलाशी के दौरान बुजुर्ग महिला की लाश मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानिए फ्रिज मेंटेनेंस की जरूरी बातें सवाल- किन कारणों से फ्रिज में ब्लास्ट हो सकता है? जवाब- अक्सर लोगों को लगता है कि फ्रिज खुद ब्लास्ट करता है, लेकिन ऐसा नहीं है। दरअसल फ्रिज के पीछे लगे कंप्रेसर में खराबी या गैस लीक होने से यह हादसा होता है। कंप्रेसर के अंदर एक पंप और मोटर होती है, जो रेफ्रिजरेंट गैस को कॉइल्स में भेजती है, जिससे फ्रिज ठंडा रहता है। लगातार इस्तेमाल या फ्रिज में बर्फ जमने से गैस का फ्लो रुक जाता है। इससे फ्रिज का पिछला हिस्सा गर्म होने लगता है और कॉइल्स सिकुड़ने लगती हैं। अंदर दबाव बढ़ने से विस्फोट की स्थिति बन सकती है। गैस लीक, शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग जैसी तकनीकी खराबियों के कारण भी फ्रिज में ब्लास्ट होता है। फ्रिज के अंदर कूलिंग के लिए आइसोब्यूटेन (R-600a) जैसी ज्वलनशील गैस का इस्तेमाल किया जाता है, जो लीक होकर बंद कमरे में जमा हो जाए तो स्पार्क या बिजली के संपर्क में आने पर विस्फोट हो सकता है। सवाल- फ्रिज इस्तेमाल के दौरान किस तरह की सावधानियां बरतनी जरूरी है? जवाब- फ्रिज घर के जरूरी उपकरणों में से एक है, लेकिन इसकी सही देखभाल और सुरक्षित इस्तेमाल बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। हालांकि कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर हादसों से बचा जा सकता है। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए- सवाल- किन संकेतों से समझें कि फ्रिज को सर्विसिंग की जरूरत है? जवाब- अगर फ्रिज समय पर सर्विस नहीं किया जाए तो ओवरहीटिंग, गैस लीक या शॉर्ट सर्किट जैसी प्रॉब्लम्स हो सकती हैं। ऐसे में कुछ संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। जैसे कि- सवाल- फ्रिज की सर्विसिंग कितने दिनों में करानी चाहिए? जवाब- आमतौर पर फ्रिज की सर्विसिंग साल में एक बार कराना जरूरी है। इससे कंप्रेसर, गैस और कूलिंग सिस्टम की कार्यक्षमता बनी रहती है और किसी बड़ी खराबी से पहले ही समस्या का पता चल जाता है। पुराने फ्रिज या ज्यादा इस्तेमाल वाले फ्रिज की सर्विसिंग थोड़ा और पहले कराना बेहतर है। सवाल- फ्रिज का टेम्परेचर कितना रखना चाहिए, जिससे ब्लास्ट का खतरा न हो? जवाब- आमतौर पर रेफ्रिजरेटर का तापमान 2°C से 5°C और फ्रीजर का -15°C से -18°C के बीच होना चाहिए। अगर तापमान बहुत कम कर दिया जाए तो कूलिंग सिस्टम पर ओवरलोड बढ़ जाता है, जिससे गैस प्रेशर असामान्य हो सकता है और फ्रिज ओवरहीट होकर खतरा पैदा कर सकता है। इसलिए न बहुत ठंडा और न ही बहुत गर्म, बस मध्यम और स्थिर तापमान ही सबसे सुरक्षित होता है। सवाल- क्या 24 घंटे फ्रिज चलाने से भी ब्लास्ट का खतरा बढ़ता है? जवाब- नहीं, फ्रिज को 24 घंटे चलाना पूरी तरह सामान्य है क्योंकि इसे लगातार ठंडा बनाए रखने के लिए ही बनाया जाता है। खतरा तब बढ़ता है, जब फ्रिज की मेंटेनेंस में लापरवाही हो, उसकी पिछली तरफ वेंटिलेशन स्पेस न हो या कॉइल्स और फैन में धूल जमी हो जिससे गर्मी बाहर न निकल पाती है। …………………… छत्तीसगढ़ की यह खबर भी पढ़िए… 2 ट्रकों की टक्कर..जिंदा जलकर ड्राइवर की मौत, VIDEO: रायगढ़ के घरघोड़ा में हादसा, पहले गाड़ी निकालने के चक्कर में संकरे पुल पर भिड़े छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 2 ट्रकों की टक्कर के बाद जिंदा जलकर एक ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला मार्ग पर दोपहर 1 बजे हुई। जहां हादसा हुआ कुरकुट नाला का पुल संकरा है। दोनों गाड़ी के ड्राइवर ने अनुमान लगाया कि वे पहले गाड़ी निकाल लेंगे। पढ़ें पूरी खबर…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here