छत्तीसगढ़ के भिलाई में हनुमान जंयती पर बुधवार की रात निगम के गार्डन में किसी ने चुपके से हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर दी। जब इसकी जानकारी नगर निगम को हुई, तो अधिकारियों ने सब्बल से मूर्ति को उखड़वा दिया। जिससे विवाद और तनाव की स्थिति बन गई। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सुपेला थाने पहुंचकर निगम के अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग को लेकर थाने के सामने करीब 3 घंटे तक धरने पर बैठे रहे। थाने के सामने ही जमकर हंगामा किया। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी और हिन्दू संगठन के बीच जमकर बहस भी हो गई। देखिए तस्वीरें… जानिए क्या है पूरा विवाद बताया जा रहा है कि, भिलाई नगर निगम के नेहरू नगर के गार्डन में बने योग एरिया में बुधवार की रात हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर दी गई थी। सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीम रात में मौके पर पहुंची, कथित तौर पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। संगठन का आरोप है कि, इस दौरान मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया, जबकि निगम का कहना है कि, मूर्ति अचानक रात में रखी गई थी। गार्डन की बाउंड्री भी तोड़ी गई थी। इसलिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। हनुमान जयंती के कारण मांगा गया समय हिंदूवादी संगठनों ने बताया कि, हनुमान जयंती के चलते उन्होंने मूर्ति हटाने के लिए 24 घंटे का समय मांगा था, जिसकी जानकारी लिखित में निगम को दी गई थी। इसके बावजूद कार्रवाई किए जाने से संगठन के लोग नाराज हो गए। बजरंग दल ने की FIR की मांग घटना के विरोध में बजरंग दल के पदाधिकारी सुपेला थाना पहुंचे और नगर निगम के अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। धरने के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरने के दौरान भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने प्रदर्शनकारियों से आवेदन देने को कहा, लेकिन संगठन के लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। मूर्ति गाड़ने वाले पर करेंगे FIR- सीएसपी इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर बहस भी हुई, जिससे माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया। भिलाई नगर सीएसपी ने कहा कि, FIR उस व्यक्ति के खिलाफ होगी, जिसने बिना प्राण प्रतिष्ठा किए मूर्ति को गाड़ दिया है। मूर्ति तोड़ने की कोई बात नहीं है। निगम भी करेगा कार्रवाई भिलाई नगर निगम का कहना है कि, यह मूर्ति रात के वक्त अचानक से रख दी गई थी। जिसे हटाने के लिए निगम की टीम पहुंची हुई थी। निगम के गार्डन के बाउंड्री को भी तोड़ा गया है। साथ ही गार्डन की बाउंड्री तोड़े जाने के मामले में निगम की ओर से भी FIR दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। भिलाई नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी तिलेश्वर साहू ने बताया कि, हनुमान जयंती के चलते हिंदू संगठन ने मूर्ति हटाने के लिए 24 घंटे का समय मांगा है। उनका कहना था कि, जिसने स्थापित किया है, वो ही हटा लेगा। ऐसा आश्वासन निगम और पुलिस के सामने दिया है। जांच के बाद होगी कार्रवाई- नगर सीएसपी भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी का कहना है कि, हिंदू संगठन ने आवेदन दिया है। शिकायत की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हंगामे को लेकर उन्होंने कहा कि, हिंदू संगठक के लोग बाहर बैठे थे, उन्हें अंदर थाने में बैठकर बात करने की बात कही गई थी। कोई आपत्तिजनक स्थिति नहीं बनी है। मूर्ति हटाने को लेकर सीएसपी ने कहा कि, यह नगर निगम का विषय है। प्रशासनिक प्रकिया के बाद जो भी निर्णय लिया जाएगा। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… हनुमान-जन्मोत्सव…भिलाई में मुस्लिम युवाओं ने लगाए जय श्रीराम के नारे:भगवा गमछा पहनकर शरबत-खिचड़ी बांटी, रायपुर समेत कई जिलों में मंदिरों के बाहर भंडारा आज हनुमान जयंती है। पूरे छत्तीसगढ़ में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। रायपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, बिलासपुर समेत कई जिलों में श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिरों में पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम किए जा रहे। साथ ही मंदिरों के बाहर दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी हुई है। पढ़ें पूरी खबर…
