कोंडागांव में आंधी-तूफान से घर क्षतिग्रस्त:केजंग गांव में परिवार सुरक्षित, प्रशासन से मदद की अपील

0
2

कोंडागांव जिले के बयानार थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत केजंग में गुरुवार को आए तेज आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश से एक कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बलिराम कोर्राम का परिवार इस घटना में बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 3 बजे अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। आंधी इतनी प्रचंड थी कि बलिराम कोर्राम के घर की छत पर लगा टिन शेड हवा में उड़ गया। छत उड़ने के बाद मकान कमजोर हो गया और कुछ ही देर में उसका एक बड़ा हिस्सा ढह गया। घटना के समय बलिराम कोर्राम का पूरा परिवार, जिसमें छोटे बच्चे भी शामिल थे, घर के अंदर मौजूद था। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के सदस्य घबरा गए, लेकिन समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि परिवार का घर पूरी तरह से टूट गया है और वे अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार की मदद की और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बलिराम कोर्राम के परिवार को तत्काल राहत और मुआवजा दिया जाए, ताकि वे अपना आशियाना फिर से बना सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here