26.5 C
Bhilai
Friday, March 14, 2025

IPL मेगा ऑक्शन का आज पहला दिन:204 स्लॉट्स पर 577 प्लेयर बिकेंगे; राहुल-पंत पर लग सकती है सबसे बड़ी बोली

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें सीजन से पहले आज और कल मेगा ऑक्शन होगा। सऊदी अरब के जेद्दा में इंडियन टाइमिंग के अनुसार दोपहर 3.00 बजे से नीलामी की शुरुआत होगी। घरेलू और इंटरनेशनल क्रिकेट के 574 प्लेयर्स पर IPL की 10 फ्रेंचाइजी टीमें बोली लगाएंगी। टीमों के पास कुल 204 प्लेयर्स के लिए जगह खाली हैं। प्लेयर्स रिटेंनशन के बाद 10 टीमों में पंजाब किंग्स के पर्स में सबसे ज्यादा पैसे बचे हैं। 10 सवालों में जानिए मेगा ऑक्शन के बारे में सब कुछ… सवाल-1: मेगा ऑक्शन जेद्दा में क्यों है? मेगा ऑक्शन और नॉर्मल ऑक्शन में क्या अंतर है? इसे कहां देख सकेंगे?
जवाब: 24 नवंबर को दोपहर 3 बजे नीलामी शुरू होगी। रात 8 बजे तक बोली लगेगी, बाकी खिलाड़ी अगले दिन दोपहर 3 बजे से ही बिकना शुरू होंगे। BCCI मेगा ऑक्शन को ग्लोबल इवेंट बनाने के लिए पिछले कुछ सालों से इसे विदेश में होस्ट करने की कोशिश कर रहा है। पिछला ऑक्शन भी दुबई में था। उससे पहले सभी नीलामी भारत में ही हुई। मेगा ऑक्शन 3 साल में एक बार होता है, पिछला ऑक्शन 2022 IPL से पहले हुआ था। मेगा ऑक्शन में टीमें बहुत कम खिलाड़ी रिटेन कर सकती हैं। इस बार 6 खिलाड़ियों को रिटेन करने की लिमिट थी। मेगा ऑक्शन के बीच मिनी ऑक्शन होते हैं, जिसमें टीमें ज्यादा खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती हैं। 2023 और 2024 IPL के लिए मिनी ऑक्शन ही हुए थे। ऑक्शन को टीवी पर ‘स्टार स्पोर्ट्स चैनल’ और ऑनलाइन ‘जियो सिनेमा’ पर देख सकेंगे। साथ ही दैनिक भास्कर ऐप पर आप इसकी लाइव कवरेज फॉलो कर सकते हैं। सवाल-2: ऑक्शन में कौन-कौन शिरकत कर रहे हैं, कितने खिलाड़ियों पर बोली लगेगी?
जवाब: IPL की सभी 10 फ्रेंचाइजी अपनी मैनेजमेंट टीम के साथ ऑक्शन में शिरकत करेंगी। मेगा ऑक्शन में शामिल होने के लिए 1574 प्लेयर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था। जिनमें से 577 प्लेयर्स शॉर्टलिस्ट हुए, जिन्हें खरीदने में टीमों ने इंटरेस्ट दिखाया। इनमें 367 भारतीय और 210 विदेशी प्लेयर्स हैं। इनमें 4 खिलाड़ी एसोसिएट देशों के हैं। 331 खिलाड़ी अनकैप्ड हैं, जिनमें भारत के 319 और विदेश के 12 हैं। सवाल 3: किस टीम के पास बोली लगाने के लिए कितनी रकम है, क्या हर टीम की रकम अलग-अलग है?
जवाब: IPL कमेटी ने टीमों को 120 करोड़ रुपए की पर्स लिमिट दी है। यानी टीमें अपने 18 से 25 खिलाड़ियों को खरीदने के लिए इतने पैसे खर्च कर सकती हैं। इतने पैसों में टीम को अपने टॉप खिलाड़ियों को रिटेन भी करना था। रिटेंशन खत्म होने के बाद पंजाब किंग्स के पास सबसे ज्यादा 110.50 करोड़ रुपए बाकी हैं। जिन टीमों ने ज्यादा खिलाड़ी रिटेन किए, उनके पर्स में रकम भी कम बची है। पंजाब में ही सबसे ज्यादा 23 खिलाड़ियों की जगह भी खाली है। उनके बाद बेंगलुरु में 22 और दिल्ली में 21 प्लेयर्स की जगह भरी जाएगी। राजस्थान के पास सबसे कम 41 करोड़ रुपए बचे हैं और टीम में 19 प्लेयर्स की ही जगह खाली है। सवाल 4: राइट टु मैच यानी RTM कार्ड क्या है, इसके नियम क्या हैं, किसके पास कितने कार्ड हैं?
जवाब: जिन भी टीमों ने 6 से कम प्लेयर्स रिटेन किए हैं, उन्हें ऑक्शन में राइट टु मैच यानी RTM कार्ड मिलेगा। RTM कार्ड से टीमें स्क्वॉड में शामिल पिछले खिलाड़ी को वापस अपने साथ रख पाएंगी। RTM को उदाहरण से समझते हैं, मान लीजिए पिछले सीजन RCB का हिस्सा रहे ग्लेन मैक्सवेल को ऑक्शन में MI ने 7 करोड़ रुपए की बोली लगाकर खरीद लिया। अब RCB चाहे तो RTM कार्ड का इस्तेमाल कर मैक्सवेल को अपने साथ रख सकती है। हालांकि, इस बार MI के पास मैक्सवेल के लिए बोली बढ़ाने का ऑप्शन भी रहेगा। RTM का इस्तेमाल करने के बाद MI चाहें तो मैक्सवेल पर 10 करोड़ रुपए की बोली भी लगा सकती है। अब अगर RCB मैक्सवेल को अपने साथ रखना चाहेगी तो उन्हें 10 करोड़ रुपए देने होंगे। इसी के साथ उनका एक RTM कार्ड इस्तेमाल हो जाएगा। अगर RCB ने मना कर दिया तो मैक्सवेल 10 करोड़ रुपए में MI के हो जाएंगे। पंजाब किंग्स ने 2 ही प्लेयर रिटेन किए, इस कारण टीम अब ऑक्शन में स्क्वॉड के 4 खिलाड़ियों को RTM कार्ड के जरिए खरीद सकती है। ऑक्शन में बेंगलुरु के पास 3 और दिल्ली के पास 2 RTM कार्ड रहेंगे। हैदराबाद और राजस्थान के पास एक भी RTM कार्ड नहीं है, वहीं बाकी 5 टीमों के पास 1-1 RTM कार्ड बाकी है। सवाल 5: क्या इंटरनेशनल और घरेलू खिलाड़ियों पर एक साथ बोली लगेगी? ऑक्शन में 79 सेट का मतलब क्या है?
जवाब: जो प्लेयर्स इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं उनके नाम पहले आएंगे। 7 सेट में 45 कैप्ड प्लेयर्स आएंगे, उनके बाद अनकैप्ड खिलाड़ियों का नंबर आएगा। 577 प्लेयर्स को 79 अलग-अलग सेट में बांटा गया है। एक सेट में 5 से 8 खिलाड़ी हैं। शुरुआती 7 सेट में 45 इंटरनेशनल खिलाड़ी हैं। मार्की प्लेयर, बैटर, बॉलर, विकेटकीपर, फास्ट बॉलर और स्पिनर के सीक्वेंस से प्लेयर्स निकाले जाएंगे। सेट नंबर 8 से 12 तक कुल 38 अनकैप्ड प्लेयर्स रहेंगे। इनके सीक्वेंस भी बैटर, बॉलर, विकेटकीपर, पेसर और स्पिनर के ही रहेंगे। 13वें सेट से इसी सीक्वेंस में आगे के प्लेयर्स के नाम आएंगे, सेट तब तक रिपीट होंगे, जब तक उस कैटेगरी के प्लेयर्स खत्म नहीं हो जाते। पहले सेट में मार्की यानी टॉप प्लेयर्स और आखिरी सेट में अनकैप्ड ऑलराउंडर्स पर बोली लगेगी। सवाल 6: ऑक्शन में सबसे पहले किन खिलाड़ियों पर बोली लगेगी? ऑक्शन की स्पीड कब बढ़ेगी?
जवाब: सेट-1 में जोस बटलर, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह और मिचेल स्टार्क के नाम हैं। इन्हीं में से किसी एक प्लेयर का नाम सबसे पहले आएगा। 17 सेट में 116 टॉप खिलाड़ी हैं। यानी कि टीमों को प्लेयर्स की खरीदी पर सोचने का ज्यादा टाइम मिलेगा। प्लेयर नंबर 117 का नाम आते ही ऑक्शन की स्पीड बढ़ा दी जाएगी। यानी 117वें प्लेयर से टीमों को जल्दी-जल्दी बोली लगानी होगी। ऑक्शनर 117 से 577 नंबर के प्लेयर पर ज्यादा टाइम खर्च नहीं करेगा। सवाल 7: खिलाड़ियों की बेस प्राइस क्या बला है, किस बेस प्राइस में कितने खिलाड़ी हैं?
जवाब: बेस प्राइस एक तय कीमत है, नीलामी में खिलाड़ी की बोली उसकी बेस प्राइस से शुरू होती है। 30 लाख सबसे छोटी बेस प्राइस है, वहीं 2 करोड़ रुपए सबसे बड़ी बेस प्राइस है। 2 करोड़ की बेस प्राइस में 82 प्लेयर्स के नाम हैं। 1.50 करोड़ में 27 प्लेयर, 1.25 करोड़ में 18 खिलाड़ी और 1 करोड़ की बेस प्राइस में 23 प्लेयर्स हैं। इनके अलावा 75 लाख, 50 लाख, 40 लाख और 30 लाख की बेस प्राइस में 427 खिलाड़ी हैं। सवाल 8: ऑक्शन कौन कराएगा, नीलामी का हथौड़ा कौन चलाने वाला है?
जवाब: BCCI और IPL कमेटी मिलकर इस ऑक्शन को कंडक्ट कराएंगी। ऑक्शन की होस्ट मल्लिका सागर हैं, जो हथौड़ा चलाएंगी। उन्होंने पिछले ऑक्शन को भी होस्ट किया था। उनसे पहले ह्यूज एडमीड्स ऑक्शन कराते थे। जब टीमें खिलाड़ी पर बोली लगाती हैं, तो जैसे-जैसे खिलाड़ी की कीमत बढ़ती जाती है, नीलामीकर्ता उसे अनाउंस करता जाता है। आखिर में सबसे ऊंची बोली लगने पर नीलामीकर्ता हैमर को डेस्क पर पटककर सोल्ड कहते हैं और उस खिलाड़ी को टीम को बेच देते हैं। इस तरह नीलामी की प्रोसेस कम्प्लीट होती है। सवाल 9: क्या देसी, विदेशी खिलाड़ियों को खरीदने की कोई लिमिट भी है? कौन सी सबसे ज्यादा विदेशी खरीद सकती है?
जवाब: हां, बिलकुल है। एक टीम ज्यादा से ज्यादा 8 ही विदेशी खिलाड़ी खरीद सकती है, क्योंकि मैच की प्लेइंग-11 में ज्यादा से ज्यादा 4 ही विदेशी खेल सकते हैं। स्क्वॉड में 18 से 25 प्लेयर्स होते हैं, जिसे भरने के लिए टीमों को 8 विदेशियों के साथ बाकी देसी खिलाड़ी खरीदने होते हैं। मुंबई, पंजाब और बेंगलुरु ने एक भी विदेशी प्लेयर रिटेन नहीं किया, इसलिए टीमें 8-8 विदेशी खरीद सकती हैं। हैदराबाद ने सबसे ज्यादा 3 विदेशी प्लेयर रिटेन किए, इसलिए टीम 5 ही विदेशी प्लेयर खरीद सकती है। ऑक्शन में कुल 70 विदेशी खिलाड़ी खरीदे जाएंगे। सवाल 10: ऑक्शन के बाद क्या होगा? IPL का अगला सीजन कब और कहां होगा?
जवाब: 204 खिलाड़ी बिक जाने पर ऑक्शन खत्म हो जाएगा, सभी फ्रेंचाइजी नए खिलाड़ियों के साथ अपनी-अपनी टीमों को तैयार कर लेगी। जो प्लेयर नेशनल ड्यूटी पर नहीं होंगे, उनके साथ अगले साल जनवरी से ही तैयारी भी शुरू कर दी जाएगी। 2025 के IPL में 10 टीमों के बीच कुल 74 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का 18वां एडिशन 14 मार्च से शुरू होकर 25 मई तक चलेगा। 2024 का IPL 22 मार्च से 26 मई तक खेला गया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को फाइनल हराकर खिताब उठाया था। ग्राफिक्स: कुणाल शर्मा ———————————————— IPL ऑक्शन से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… क्या IPL ऑक्शन में टूटेगा ₹30 करोड़ का बैरियर IPL 2025 का मेगा ऑक्शन 24 और 25 नवंबर को होगा। इवेंट सऊदी अरब के जेद्दा में है। ऑक्शन में 577 खिलाड़ी हैं, हालांकि 10 टीमों में 204 प्लेयर्स की ही जगह खाली है। ऋषभ पंत, केएल राहुल और ग्लेन मैक्सवेल जैसे बड़े नाम भी नीलामी में उतरेंगे, जिनके लिए टीमें 20 से 30 करोड़ रुपए भी खर्च कर सकती हैं। पढ़ें पूरी खबर

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles