MP में 2-फ्लोर से गिरकर छत्तीसगढ़ की महिला की मौत:पिता बोले- पति-ससुरालवालों ने मारकर फेंका, दहेज मांगते थे, डेढ़ साल की बेटी गायब

0
31

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार की रहने वाली विवाहिता की जबलपुर में दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। महिला के परिजन ने ससुराल पक्ष पर दहेज के चलते मारपीट और हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बेटी को दुल्हन बनाकर यहां भेजा था। आज लाश लेकर जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, मृतका अनमोल आहूजा (25 साल) भाटापारा की रहने वाली थी। जबलपुर निवासी विपुल आहूजा से तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी। दोनों की डेढ़ साल की एक बेटी भी है। सूचना मिलने पर रायपुर से परिजन शुक्रवार सुबह जबलपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बेटी के पूरे शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। वह आत्महत्या नहीं कर सकती। गढ़ा थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। पिता बोले- हैसियत से बढ़कर दहेज दिया महिला के पिता मुरली खत्री ने बताया कि, तीन साल पहले बेटी की धूमधाम से शादी की। हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था। शादी के कुछ महीने तो ठीक से बीते। लेकिन उसके बाद ससुरालवालों ने अनमोल के साथ मारपीट शुरू कर दी। दो बार अनमोल का हाथ तोड़ दिया गया। इसके बाद भी वह चुप रही। आधी रात फोन पर बेटी बोली- पति पीट रहा है पिता ने बताया कि, गुरुवार रात करीब 12 बजे अनमोल ने फोन करते हुए बताया कि पति उसके साथ मारपीट कर रहा है। तुरंत जबलपुर आ जाओ। मैंने बेटी से सुबह तक जबलपुर आने की बात कही। रात डेढ़ बजे उसके चाचा ससुर का फोन आया कि अनमोल छत से गिर गई है। अस्पताल में भर्ती है। पिता ने कहा कि उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंका और फिर गंभीर हालत में अस्पताल में छोड़कर भाग गए। डेढ़ साल की नातिन का भी कुछ पता नहीं महिला के परिजन ने बताया कि, आज जैसे ही यहां आए तो पता चला कि बेटी एक निजी अस्पताल में भर्ती है। वहां जाकर देखा तो वह अकेले ही आईसीयू में थी। बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने कहा कि जब यहां पर आए तो ससुराल पक्ष से कोई नहीं था। उनकी डेढ़ साल की नातिन का भी कुछ पता नहीं है। शराब पीकर आए दिन मारपीट करता था पति महिला के पिता मुरली खत्री का कहना है कि, विपुल शराब पीकर अनमोल के साथ आए दिन मारपीट करता था। तीन बार दोनों के बीच समझौता हुआ। रायपुर आकर विपुल ने यह भी कबूल किया था कि वह अब दोबारा कभी शराब नहीं पिएगा और ना ही अनमोल के साथ मारपीट करेगा। भाई बोला- हमारे आने से पहले कर दी हत्या महिला के भाई सुनील ने कहा कि, बहन का प्यार दुलार से पाला था। अनमोल की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हुई है। इसकी जानकारी जबलपुर पुलिस को भी दी। लेकिन पुलिस ने अस्पताल आकर बयान दर्ज नहीं किया है। हम अनमोल को साथ ले जाने के लिए तैयार थे। उसका कहना था कि सब कुछ ठीक हो जाएगा, पता नहीं था कि उसकी हत्या कर दी जाएगी। सीएसपी को सौंपी मामले की जांच एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि, मामले की जांच सीएसपी गढ़ा को सौंपी गई है। परिजनों का आरोप है कि उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंका गया है। इसकी भी जांच करवाई जा रही है। पीएम रिपोर्ट से खुलासा होगा कि अनमोल की मौत कैसे हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here