RCB पीड़ित परिवार को 25-25 लाख देगा:सोशल मीडिया पोस्ट में दी जानकारी, 4 जून को विक्ट्री परेड में हुई थी 11 लोगों की मौत

0
15

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने उन सभी पीड़ित परिवारों को 25 लाख रुपए प्रत्येक की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है, जिन्होंने 4 जून को RCB की विक्ट्री परेड के दौरान हुई भगदड़ में अपनों को खोया। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि टीम इस मुश्किल समय में परिवार के साथ खड़ी है और यह मदद उनके जीवन को थोड़ा संबल देने के लिए की जा रही है। दरअसल, IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की पहली खिताबी जीत के जश्न के दौरान 4 जून को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। हमने RCB परिवार के ग्यारह सदस्यों को खो दिया
RCB ने पोस्ट किया, हमने RCB परिवार के ग्यारह सदस्यों को खो दिया। वे हमारा हिस्सा थे। हमारे शहर, हमारे समुदाय और हमारी टीम को अद्वितीय बनाने वाली चीजों का हिस्सा थे। उन परिवारों की मदद किसी भी रकम से नहीं हो सकती लेकिन सम्मान के तौर पर हम 25-25 लाख रुपए की मदद करना चाहते हैं। यह आर्थिक रूप में एक मदद नहीं है, बल्कि एकता और देखभाल का एक वादा है। RCB Cares की भी शुरुआत हुई है, जो लंबे समय तक चलेगा और अपने फैंस के लिए कुछ अच्छा करने की कोशिश करेंगे। 4 जून को RCB की विक्ट्री परेड के दौरान मची थी भगदड़
4 जून को बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर शाम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के IPL 2025 खिताब जीतने की खुशी में विक्ट्री परेड निकाली गई। स्टेडियम में घुसने की कोशिश में कई लोगों ने दीवार फांदने की कोशिश की। एंट्री गेट पर हजारों की भीड़ मौजूद थी। सड़क पर लाखों लोग जमा थे। इस दौरान भगदड़ मच गई। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हुए थे। मरने वालों में सभी की उम्र 35 से कम, इनमें 3 टीनएजर
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले सभी लोग 35 साल से कम उम्र के थे। सबसे छोटी पीड़िता 13 साल की दिव्यांशी थी। मरने वालों में तीन टीनएजर और छह युवा थे, जिनकी उम्र 20 से 30 साल के बीच थी। ये सभी लोग अपने दोस्तों के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत का जश्न मनाने आए थे। कुछ लोग बेंगलुरु से थे, तो कुछ दूसरे जिलों से आए थे। लेकिन भारी भीड़ और अव्यवस्था के कारण जश्न एक दुखद हादसे में बदल गया। हादसे में 11 लोगों की मौत हुई और 33 घायल हुए। मृतकों में दिव्यांशी (13), दोरेशा (32), भूमिक (20), सहाना (25), अक्षता (27), मनोज (33), श्रवण (20), देवी (29), शिवलिंगा (17), चिन्नैया (19) और प्रज्वल (20) शामिल हैं। हादसे पर कोहली बोले थे- पूरी तरह से टूट चुका हूं
बेंगलुरु हादसे के बाद विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर लिखा था- ‘मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। पूरी तरह से टूट गया हूं।’ उन्होंने हार्टब्रेक का इमोजी भी बनाया। कर्नाटक सरकार ने RCB को जिम्मेदार बताया था
कर्नाटक सरकार की 17 जुलाई को रिपोर्ट सामने आई थी। रिपोर्ट में हादसे का जिम्मेदार RCB को बताया गया था। इसमें कोहली का भी जिक्र था। कर्नाटक सरकार ने कहा कि RCB ने चिन्नास्वामी में आयोजित विक्ट्री परेड के लिए सरकार से कोई अनुमति नहीं ली थी। हालांकि, सरकार ने यह भी कहा कि आयोजन को अचानक रद्द करने से हिंसा भड़क सकती थी और शहर में कानून-व्यवस्था बिगड़ जाती। बेंगलुरु में बन रहा नया स्टेडियम
भगदड़ हादसे के बाद कर्नाटक सरकार ने फैसला लिया है कि बेंगलुरु में एक बड़ा स्टेडियम बनाया जाएगा। इसे 1650 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इस स्टेडियम में एक साथ 80 हजार दर्शक मैच देख सकेंगे। यह दर्शक क्षमता के हिसाब से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम होगा। स्टेडियम 100 एकड़ में बनाया जाएगा। नया स्टेडियम पहले से मौजूद एम चिन्नास्वामी स्टेडियम से 22 किलोमीटर दूर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here